
Buses
अंबिकापुर. विधानसभा चुनाव के लिए जिला निर्वाचन आयोग द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। रविवार को सेक्टर अधिकारियों को मतदान पूर्व प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मोबाइल पर सी-टाप ऐप डाउनलोड कराया गया। मतदान सामग्री वितरण तथा मतदान केन्द्रों में मॉक पोलिंग, मतदान दलों के रवानगी हेतु रूट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
वहीं आरटीओ द्वारा मतदान के लिए बसों के अधिग्रहण करने का काम भी पूर्ण कर लिया गया है और एक दिन पूर्व ही बस मालिकों को ईंधन के लिए पर्ची जारी कर दी गई है।
सरगुजा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा, अम्बिकापुर तथा सीतापुर के लिए 771 मतदान केन्द्र बनाये गये है तथा 79 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर अधिकारी अपने सेक्टर क्षेत्र के मतदान केन्द्रों की पर्यवेक्षण करेंगे तथा सुचारू मतदान संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगें।
सी-टाप एप्लीकेशन के माध्यम से सेक्टर अधिकारियों तथा मतदान केन्द्रों में मतदान प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध होगी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नम्रता गांधी, आकाश छिकारा, डीके राय, निशा मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बसों के अधिग्रहण का काम हुआ पूर्ण
क्षेत्रिय परिवहन कार्यालय के अधिकारियों द्वारा पॉलिटिक्रक कॉलेज मैदान में बसों का अधिग्रहण कर रविवार से ही खड़ा करा लिया गया है। इस विधानसभा चुनाव के दौरान वाहनों के मालिकों को निर्वाचन आयोग द्वारा भुगतान भी अधिक किया जा रहा है।
इसकी वजह से विभाग द्वारा जो नोटिस जारी किया गया था, वह सभी पालिटिक्रक कॉलेज मैदान पहुंच गए थे। स्कूल बसों के अधिग्रहण से बच्चों का स्कूल पूर्ण रूप से बंद हो गया है और काफी कम संख्या में बच्चे स्कूल पहुंच रहे हैं।
Published on:
18 Nov 2018, 8:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.