
Mayor viral audio प्रेसवार्ता में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारी (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। मेला के लिए कलाकेंद्र मैदान आवंटन से जुड़े कथित वायरल टेलिफोनिक ऑडियो में लाखों रुपये के लेनदेन की चर्चा है। दावा है कि ऑडियो (Viral Audio) में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और महापौर मंजूषा भगत की आवाज सुनाई दे रही है। महापौर ने 22 जून को इसे एआई से तैयार ऑडियो बताते हुए आजाक थाने में शिकायत दी थी, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही प्रभावी जांच शुरू हुई, जबकि हमने भी कलेक्टर व एसपी से मामले की जांच की मांग की है।
यह बातें सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर कही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि मामले (Mayor viral audio) की निष्पक्ष जांच के लिए कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एसआईटी गठित करने संबंधी ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उनका आरोप है कि गंभीर मामलों में पुलिस का रवैया टालमटोल वाला है। प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार से मारपीट के दर्ज मामले का भी उल्लेख किया। शफी अहमद ने कहा कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई, जबकि वे लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।
कांग्रेस ने इसे कानून के असमान अनुपालन का उदाहरण बताया। प्रेसवार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, अनूप मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
कांग्रेस ने अंबिकापुर से लगे ग्राम भिट्ठीकला में विधवा महिला की जमीन हड़पने के मामले में भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि कलेक्टर (Surguja Collector) के निर्देश के बावजूद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में प्रभावशाली लोगों के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन तीनों मामलों (Viral audio in Ambikapur) में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने घोषणा की कि 5 जुलाई को आक्रोश न्याय यात्रा निकालकर आईजी सरगुजा रेंज को वे ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
Published on:
02 Jul 2026 06:49 pm
