
112 vehicle
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा डायल 112 मुसीबत में फंसे लोगों के लिए शुरु किया गया है। इस नंबर पर कॉल करते ही पुलिस शहरी क्षेत्र में 10 मिनट तथा ग्रामीण क्षेत्र में आधे घंटे के भीतर पहुंच जाती है। इस महत्वपूर्ण सुविधा का कुछ शरारती लोग दुरुपयोग भी करने लगे हैं।
शहर के ही एक युवक ने डायल 112 वाहन को कॉल कर परेशान करना शुरु कर दिया। पुलिस को जब लगा कि उन्हें बेवजह यहां से वहां दौड़ाया जा रहा है तो उसने युवक को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।
अंबिकापुर के सत्तीपारा निवासी २१ वर्षीय विक्की सोनी पिता पवन सोनी ने बुधवार की शाम लगभग 6 बजे डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि जोड़ा पीपल के पास मेरी पत्नी के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की जा रही है।
सूचना मिलते ही डायल 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद आस पास के लोगों से पता किया गया तो वहां इस तरह की घटना के संबंध में नहीं बताया गया। 112 के पुलिसकर्मियों ने पुन: उस नंबर पर फोन कर पूछा कि तुम कहां पर हो। इस दौरान विक्की ने बताया कि मैं डॉ. वैश्य के घर के पास हूं।
जब पुलिस वहां पहुंची तो वह वहां नहीं था। पुलिस ने फिर उससे फोन कर पूछा कि तुम डॉ. वैश्य के घर के पास तो नहीं हो। इस पर उसने बताया कि मैं अभी डॉ. रेलवानी के क्लिीनिक के पास आ गया हूं। पुलिस ने वहां पहुंच कर उससे सख्ती से पूछताछ की।
बोला- मेरी मोबाइल कोई और यूज कर रहा था
पुलिस की पूछताछ में विक्की ने बताया कि मेरे मोबाइल से किसी दूसरे व्यक्ति ने फोन किया था, इस पर पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले लाई। कोतवाली पुलिस ने बेवजह डायल 112 को परेशान करने के आरोप में उसके खिलाफ 151 की कार्रवाई की।
Updated on:
19 Oct 2018 03:10 pm
Published on:
19 Oct 2018 03:10 pm
