
अंबिकापुर. Independence Day 2024: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 14 अगस्त को जिला स्तरीय सद्भावना दौड़ का आयोजन किया गया। नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीयता के साथ मिल-जुलकर आगे बढऩे के उद्देश्य से आयोजित दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, आम नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, सरगुजा कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर विलास भोसकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि आलोक दुबे सहित गणमान्य नागरिकों ने भी दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ सुबह 8 बजे शासकीय मल्टीपरपज स्कूल अम्बिकापुर के प्रांगण से शुरु होकर गुरु नानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, घड़ी चौक से होते हुए गांधी स्टेडियम परिसर में खत्म हुई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि नेताम ने भारत के स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सपूतों की भावनाओं का सम्मान करने तथा भारत के विकास एवं प्रगति के लिए समर्पित रहने की सभी को शपथ दिलाई। वहीं दौड़ के विजेता प्रतिभगियों को सम्मानित किय़ा गया।
विजेता प्रतिभागियों में अधिकारी-कर्मचारी वर्ग में स्कूल शिक्षा विभाग से अनिता विश्वकर्मा प्रथम, तहसीलदार अंबिकापुर उमेश बाज द्वितीय तथा सीएसी अंबिकापुर राजेश सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज वर्ग में पीजी कॉलेज अंबिकापुर की आयुषी दीवान विजेता रहीं।
वहीं स्कूल स्तरीय बालक में सेंट मैरी स्कूल से विक्की भगत प्रथम, नेहरू विद्या मंदिर के अभिषेक द्वितीय तथा श्रेयांक सोनी तृतीय रहे। इसी प्रकार स्कूल स्तरीय बालिका में कार्मेल स्कूल की इकरा खान ने प्रथम, गल्र्स स्कूल की रीतिका विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा पुलिस लाइन की ब्यूटी तिग्गा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
Updated on:
14 Aug 2024, 5:40 PM IST
Published on:
14 Aug 2024, 5:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.