
Medical shop
अंबिकापुर/बिश्रामपुर. ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ केमिस्ट संघ ने एक दिवसीय भारत बंद का ऐलान किया है। इसके तहत सभी दवा दुकानें 27 सितंबर की रात 12 बजे से 28 सितंबर की रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। एक दिवसीय बंद के दौरान चरणबद्ध बंद व धरना प्रदर्शन के माध्यम से इंटरनेट फार्मेसी को मान्यता देने वाले कानून का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
मेडिकल दुकानें बंद रहने से मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में सरगुजा औषघि संघ ने इमरजेंसी में दवाइयां खरीदने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबरों पर कॉल कर दवाइयां खरीदी जा सकती हैं।
विदित हो कि भारत सरकार द्वारा 28 अगस्त 2016 को एक नोटिफिकेशन जारी किया गया है जिसमें ऑनलाइन दवा बिक्री को नियमित करने का प्रस्ताव है। इसका केमिस्ट संघ ने विरोध जताते हुए इसे रद्द करने की मांग की है।
संघ ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल बिना जबाबदारी के दवा पर्चे की प्राथमिकता को परखे बगैर ही दवा उपलब्ध कराते हैं, जो मानव हित में घातक परिणाम दे सकता है।
मनोचिकित्सक, त्वचा रोग विशेषज्ञ व अन्य विशेषज्ञों के पर्चे पर लिखी जाने वाली दवाओं को गैर योग्यता प्राप्त चिकित्सकों के पर्चे पर विक्रय किया जाता है। दवाओं की बिक्री पुरानी पर्ची या फिर बनावटी पर्चे पर की जाती है।
आपातकाल में दवा लेने इन नंबरों पर करें संपर्क
सरगुजा औषधि विक्रेता संघ ने हड़ताल के मद्देनजर लोगों को आपातकालीन स्थिति में दवा प्राप्त करने के लिए पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं। लोग इन नंबरों पर संपर्क कर आपातकाल स्थिति में मरीज के लिए दवा ले सकते हैं। संघ द्वारा जारी मोबाइल नंबर में 9826198555, 9406224125, 9826190500 व 9522950666 शामिल हैं।
Published on:
27 Sep 2018, 9:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.