
PM Modi
अंबिकापुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के शिमला अर्थात सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के लिए स्वीकृत कृषि विज्ञान केन्द्र का ऑनलाइन उद्घाटन किया। उन्होंने इस कृषि विज्ञान केन्द्र की आधारशिला भी रखी। प्रधानमंत्री ने मैनपाट सहित देश के अन्य 25 स्थानों पर कृषि विज्ञान केन्द्र का उद्घाटन भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा नई दिल्ली में आयोजित किसान उन्नति मेले में किया। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए अधिसूचित फसलों के लिए समर्थन मूल्य उनकी लागत का डेढ़ गुना किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि समय के अनुसार आज कृषि क्षेत्र में भी चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं और किसानों को उन चुनौतियों का सामना करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत कृषि की ओर अग्रसर करने के लिए वैज्ञानिक आधारित कृषि पद्धति तथा उन्नत कृषि उपकरणों को बढ़ावा देने कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से जरूरी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्रों को संसाधनों से परिपूर्ण करने की कार्य योजना तैयार की गई है, जिससे आने वाले समय में किसानों को उन्नत कृषि के क्षेत्र में सहूलियत मिल सकेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए अधिसूचित फसलों के लिए समर्थन मूल्य उनकी लागत का डेढ़ गुना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि कार्य में आने वाली लागत के अनुसार समर्थन मूल्य तय किया जाएगी।
इसमें श्रमिक, मशीनरी, मवेशी, बीज, खाद, सिंचाई, राजस्व तथा ब्याज एवं बीज की राशि सहित अन्य खर्च भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि किसी किसानों को ऑनलाइन मार्केटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 25 हजार ग्रामीण हॉटों को जरूरी संसाधन के साथ अपग्रेड किया जाएगा तथा उन्हें ई-नाम (ई-नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट) से जोड़ दिया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद कमलभान सिंह, मैनपाट जनपद अध्यक्ष पति बाई एक्का, सीतापुर जनपद अध्यक्ष शैलेष सिंह, मैनपाट जनपद उपाध्यक्ष अटल यादव, जिला पंचायत सदस्य देवनाथ उंजन, पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार, अनुविभागीय दण्डाधिकारी सीतापुर पुष्पेन्द्र शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र अजिरमा के अधिष्ठाता डॉ. आरके मिश्रा, कृषि विज्ञान केन्द्र मैनपाट के प्रभारी डॉ. चौबे, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह, डॉ. पीके जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण उपस्थित थे।
हमारे लिए गौरव की बात
मैनपाट के नर्मदापुर ग्राम पंचायत अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र व आलू एवं शीतोष्ण फल अनुसंधान केन्द्र बरिमा परिसर में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि मैनपाट सहित देश के 25 स्थानों पर कृषि विज्ञान केन्द्रों का शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैनपाट में कृषि विज्ञान केन्द्र खुलने से यहां के किसानों को कृषि की नई-नई तकनीकों तथा उत्तम गुणवत्ता के फसलों की जानकारी मिल सकेगी।
पैंकरा ने कहा कि मैनपाट को छत्तीसगढ़ का शिमला कहा जाता है। इस लिहाज से यहां पर्यटन स्थलों के साथ ही साथ उत्तम गुणवत्ता के सेब, स्ट्रॉबेरी, पलम्स का उत्पादन भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की दशा सुधारने तथा उनके आय को दोगुना करने के लिए केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा रोड मैप तैयार किया गया है।
वनों की कटाई से कम हो रहे पेड़
गृहमंत्री ने कहा कि वनों की कटाई होने से पेड़ कम होते जा रहे हैं जिससे प्राकृतिक असंतुलन की स्थिति निर्मित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान फलदार पौधे लगाने के साथ ही साथ सब्जी की खेती को बढ़ावा देने प्रोत्साहित करें। पैकरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में कृषि के क्षेत्र में भी युवाओं का कौषल विकास कर उन्नत कृषि की ओर अग्रसर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा केवल सरकारी नौकरी को ही आजीविका के साधन के रूप में न माने बल्कि उन्नत कृषि के क्षेत्र में भी अग्रसर हों।
फसलों के लिए उपयुक्त मैनपाट की जलवायु
कलक्टर किरण कौशल ने कहा कि मैनपाट की जलवायु कई प्रकार के फसलों के लिए उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि यहां कृषि विज्ञान केन्द्र खुल जाने से किसानों को नई-नई तकनीकों की जानकारी होगी तथा कृषि संबंधी समस्या आने पर जरूरी समाधान भी मिल सकेगी।
दुर्लभ फलों का हो रहा उत्पादन
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक संचालक मण्डल के सदस्य अखिलेश्वर सोनी ने मैनपाट में कृषि विज्ञान केन्द्र की शुभारंभ होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरगुजा जिला प्रदेश का पहला जिला है जहां दो कृषि विज्ञान केन्द्र संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां कृषि एवं आलू अनुसंधान केन्द्र में वैज्ञानिकों द्वारा दुर्लभ फलों का उत्पादन किया जा रहा है जो वैज्ञानिकों की मेहनत का नतीजा है। सोनी ने कहा कि मैनपाट पर्यटन के साथ ही उत्तम गुणवत्ता के सेब बागान के लिए भी प्रसिद्ध होगा।
Published on:
17 Mar 2018 07:31 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
