
Weather update
अंबिकापुर. Weather Update: उत्तर छत्तीसगढ़ की दृष्टिकोण से दिसम्बर और जनवरी का महीना सबसे शीतल होता है। आंकड़ों की दृष्टि से दिसम्बर माह के प्रारंभिक 10 दिनों में अंबिकापुर का औसत न्यूनतम तापमान वर्ष 1997 के बाद सबसे अधिक है। या ये कहें कि इस वर्ष दिसम्बर के पहले 10 दिनों में न्यूनतम तापमान पिछले 24 वर्षों में सर्वोच्च है। सन 1997 में इसी अवधि का औसत न्यूनतम 15.0 डिग्री था। इस वर्ष आज तक के न्यूनतम का औसत 12.7 डिग्री है। दिसम्बर के पहले 10 दिनों का सबसे ठंडा वर्ष सन 2011 था। इस वर्ष न्यूनतम तापमान का दिसम्बर के प्रथम 10 दिवसीय तापमान का औसत 4.5 डिग्री था। वर्तमान वर्ष में देखें तो नवम्बर में बंगाल की खाड़ी में कई व्यवधान आए, हमेशा की तरह अरब सागर में भी हलचल रही और कुछ पछुआ बयार भी आए लेकिन अंबिकापुर में मात्र 7 मिमी ही वर्षा हुई।
नवंबर में बादलों की भरपूर आवाजाही के कारण न्यूनतम तापमान (Minimum temperature) अपने मासिक मान 12.8 डिग्री सेन्टीग्रेट की तुलना में ऊपर रह कर 14.0 डिग्री सेन्टीग्रेट तक ही रुका रह गया। नवम्बर में न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री के नीचे नहीं जा पाया।
दिसंबर का आगाज अपने मौसमी गुणों के अनुकूल हुआ और एक दिसम्बर को अंबिकापुर शहर का न्यूनतम पारा 9.8 डिग्री जबकि अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में 7 डिग्री तक उतर गया। परन्तु ठीक उसी समय बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण का दौर आने से हवा की दिशा बदली और पूर्वी- दक्षिण पूर्वी हवाओं के साथ नमीयुक्त हवाओं के आने से स्थानीय गिरते पारे पर ब्रेक लग गया।
तापमान में होती रही बढ़ोतरी
इसी कड़ी में आगे चल कर चक्रवाती तूफान 'जावद' भी अस्तित्व में आया, ठीक उसी समय एक ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से चल कर अरब सागरीय क्षेत्र तक सक्रिय हो गया। एक साथ दो समानांतर व्यवधानों से हालांकि उत्तर छत्तीसगढ़ में बादलों के बरसने की अनुकूल परिस्थितियां तो नहीं बनी पर हवा की अनियमित दिशा और बादलों की उपस्थिति के कारण तापमान का विचलन ऊपर की ओर ही रहा। इस दौरान अम्बिकापुर का न्यूनतम 15.6 डिग्री तक पहुंच गया।
जावद के जाने के बाद भी तापमान स्थिर
जावद के गुजरने के बाद हवाओं की दिशा फिर से उत्तरी होने लगी थी जिससे ठंड के बढऩे के कयास लगने लगे थे। इसी बीच 8 दिसम्बर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय हो कर तापमान को अभी भी स्थिर रखे हुए है। शुक्रवार नगर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
Published on:
10 Dec 2021 11:37 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
