
Murder spot
अंबिकापुर. स्कूल से छुट्टी के बाद शनिवार की दोपहर स्कूटी से वापस लौट रही महिला शिक्षिका की बीच जंगल में अज्ञात नकाबपोश ने बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया।
महिला के सिर के पिछले हिस्से में पत्थर या किसी वजनी चीज से वार किया गया है। सिर से काफी मात्रा में खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का संदेह एक युवक पर जताया जा रहा है। मामले में प्रेम-प्रसंग की बात भी सामने आ रही है।
अंबिकापुर के इंदिरानगर, फोकटपारा निवासी संजीता टोप्पो 35 वर्ष उदयपुर ब्लॉक के ग्राम लक्ष्मणगढ़ स्कूल में व्याख्याता एलबी थी। वह अंबिकापुर से बस से उदयपुर तक आती थी और यहां से अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीजे- 3109 से स्कूल तक जाती थी। शनिवार को मॉर्निंग स्कूल होने के कारण वह छुट्टी के बाद 12.45 बजे स्कूल से उदयपुर आने के लिए स्कूटी से ही निकली थी।
वह लक्ष्मणगढ़ -उदयपुर के बीच स्थित जंगल से होते हुए लौट रही थी कि अज्ञात नकाबपोश ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया और पत्थर या किसी वजनी चीज से उसके सिर के पिछले हिस्से में ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया। करीब डेढ़ बजे वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना उदयपुर पुलिस को दी तथा शव को ऑटो से अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर थी स्कूटी, टंगा था हैंडबैग
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शिक्षिका की स्कूटी वहीं खड़ी थी। स्कूटी के हैंडल में ही उसका हैंडबैग टंगा था तथा सड़क किनारे खून के निशान थे। पुलिस ने मौका-मुआयना किया। पुलिस ने मोबाइल से शिक्षिका के परिजनों को सूचना दे दी है।
संदेही को पकडऩे पुलिस रवाना
शिक्षिका की हत्या के मामले में प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार उदयपुर निवासी एक युवक शिक्षिका को परेशान करता था। आशंका जताई जा रही है कि उसी युवक ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस की टीम शक के आधार पर युवक को पकडऩे रवाना हो गई है।
Published on:
1 Sep 2018, 5:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.