6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Joe Biden बने अमरीका के 46वें राष्ट्रपति, जानिए कितनी होगी सैलरी और क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

HIGHLIGHTS अमरीकी कानून (US Code 3) के तहत राष्ट्रपति का वार्षिक सैलरी चार लाख अमरीकी डॉलर (2 करोड़ 92 लाख रुपये) है। अमरीका में उप राष्ट्रपति को 230,700 अमरीकी डॉलर (एक करोड़ 68 लाख रुपये) वार्षिक वेतन मिलता है।

3 min read
Google source verification
joe_biden_and_kamala_harris.png

America Inauguration Day 2021: US President And Vice President Salary, Know Joe Biden And kamala Harris Salary

वाशिंगटन। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन ने आज (बुधवार, 20 जनवरी) भारतीय समयानुसार रात के साढ़े दस बजे (अमरीका में सुबह के 12 बजे) अमरीका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। साथ ही कमला हैरिस पहली अश्वेत महिला उपराष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।

शपथ लेने के साथ ही जो बिडेन दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति बन गए हैं। हालांकि अमरीका में फेडरल व्यवस्था है और उसकी कुछ मर्यादाएं भी हैं, लेकिन इसके बावजूद अमरीका का राष्ट्रपति सबसे ताकतवर होता है।

US Inauguration Day: जो बिडेन बुधवार को अमरीका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर लेंगे शपथ, कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे ट्रंप

जो बिडेन का जन्म 1942 में पेंसिलवेनिया में हुआ था। जब वे बच्चे थे तभी उन्हें डेलावेयर ले आया गया था। बिडेन अमरीका के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं। उन्होंने पिछले साल नबंवर में अपना 78वां जन्मदिन मनाया था। वे महज 29 साल की आयु में ही सीनेट सदस्य बन गए थे और तीसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव लड़ते हुए इस बार जीत हासिल की।

वहीं, कमला हैरिस की बात करें तो भारत के साथ उनका बहुत ही गहरा संबंध है। 1964 में ऑकलैंड में जन्मीं कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन हैरिस चेन्नई की रहने वाली थीं, जबकि उनके पिता डोनाल्ड हैरिस जमैका के रहने वाले थे।

बिडेन को मिलेंगी इतनी सैलरी और ये सुविधाएं

आपको बता दें कि अमरीकी राष्ट्रपति को करोड़ों रुपये सैलरी मिलती है। अमरीकी कानून (US Code 3) के तहत राष्ट्रपति का वार्षिक सैलरी चार लाख अमरीकी डॉलर (2 करोड़ 92 लाख रुपये) है।

मुख्य सैलरी के अलावा राष्ट्रपति को अन्य कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं। राष्ट्रपति को हर साल 50 हजार अमरीकी डॉलर (36 लाख रुपये) भत्ते के तौर पर मिलते हैं, जबकि एक लाख डॉलर (73 लाख रुपये) का नॉन टैक्सेबल ट्रैवल अलाउंस दिया जाता है। साथ ही मनोरंजन भत्ते के तौर पर 19 हजार अमरीकी डॉलर (14 लाख रुपये) दिए जाते हैं। राष्ट्रपति मनोरंजन भत्ते को अपने परिवार के लिए खर्च कर सकते हैं। बता दें कि अमरीका की फर्स्ट लेडी (राष्ट्रपति की पत्नी) को कोई सैलरी नहीं मिलती है।

जो बिडेन के शपथ से पहले अमरीका में हाई अलर्ट, वाशिंगटन डीसी में 25 हजार जवान तैनात

अमरीका में उप राष्ट्रपति की सैलरी की बात करें तो वार्षिक वेतन 230,700 अमरीकी डॉलर (एक करोड़ 68 लाख रुपये) मिलता है। इसके अलावा 50 हजार अमरीकी डॉलर (36 लाख रुपये) नॉन टैक्सेबल अलाउंस दिया जाता है। साथ ही 10 हजार अमरीकी डॉलर (7 लाख रुपये) अन्य टैक्सेबल अलाउंस मिलता है।

अमरीकी इतिहास में अब तक पांच बार बढ़ा राष्ट्रपति का वेतन

आपको बता दें कि अमरीका के आजाद होने के बाद से अब तक 200 से अधिक वर्षों में सिर्फ पांच बार ही राष्ट्रपति के वेतन में बढ़ोतरी की गई है। 1789 में जब पहली बार जॉर्ज वाशिंगटन अमरीका के राष्ट्रपति बने थे, तब उनकी (राष्ट्रपति की) सैलरी 25 हजार डॉलर (वर्तमान में 18 लाख रुपये) थी।आखिरी बार 2001 में अमरीकी राष्ट्रपति के वेतन में इजाफा किया गया था। 2001 में अमरीकी कांग्रेस (सदन) ने राष्ट्रपति के वेतन में सीधे दो गुना की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी।








































सालवेतनराष्ट्रपति
1789 25 हजार डॉलरजॉर्ज वाशिंगटन
187350 हजार डॉलरयुलीसेस सिंपसन ग्रांट
190975 हजार डॉलरथियोडोर रूज़वेल्ट
1949एक लाख डॉलरफ्रैंकलिन डेलानो रूज़वेल्ट
19692 लाख डॉलरलिंडन बेन्स जॉनसन
20014 लाख डॉलरविलियम क्लिंटन

राष्ट्रपति को वेतन के अलावा मिलता है ये सुविधाएं

बता दें कि अमरीकी राष्ट्रपति को भारी-भरकम वेतन के अलावा कई अन्य तरह की सुविधाएं मिलती है। इनमें लिमोजिन, मरीन वन और एयर फोर्स वन जैसी सहूलियत शामिल है। इन तीनों में राष्ट्रपति का सफर पूरी तरह मुफ्त होता है।

राष्ट्रपति को व्हाइट हाउस (राष्ट्रपति निवास) में रहने के लिए कोई किराया नहीं देना पड़ता है। इसके अलावा सेवानिवृत होने पर भी राष्ट्रपति को दो लाख अमरीक डॉलर पेंशन ( 1.46 करोड़ रुपये), रहने के लिए मकान, ऑफिस और हेल्थ कवरेज जैसी सुविधाएं भी मिलती है।

अब तक इन राष्ट्रपतियों ने नहीं ली सैलरी

अमरीका में जहां एक ओर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पर बतौर सैलरी भारी-भरकम धनराशि खर्च किया जाता है, वहीं कई राष्ट्रपति ऐसे भी हुए हैं, जिन्होंने सैलरी नहीं ली और उसे दान कर दिया। इसमें पहला नाम अमरीका के 31वें राष्ट्रपति हर्बर्ट हूवर का आता है। हर्बर्ट ने वेतन नहीं लिया था और उसे दान कर दिया था।

America: शपथ से पहले बिडेन ने की बड़ी घोषणा, 100 दिन में 10 करोड़ अमरीकियों को लगवाएंगे टीका

हर्बर्ट के बाद अमरीका के 35वें राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने भी सैलरी लेने से इनकार करते हुए उसे दान करने का फैसला लिया था। केनेडी पहले कांग्रेस के प्रतिनिधि सभा के सदस्य थे, उसके बाद राष्ट्रपति बने। उन्होंने दोनों ही पदों पर वेतन नहीं लिया और वेतन धर्मार्थ संस्थाओं को दान दे दिया था। कैनेडी ने सिर्फ दैनिक खर्च के तौर पर 50 हजार डॉलर का भत्ता रखा था।

दोनों के अलावा डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी पूरी सैलरी दान करने का वादा किया था। उन्होंने साल 2017 में अपनी तिहाई आय दान कर दी थी। डोनाल्ड ट्रंप तीन बिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।