आगरा

Agra: साइकिल से देश घूमने का सपना, दो महीने में तय किया 14 राज्यों का सफर

त्रिपुरा के आशिम ने दो महीने के अंदर 14 राज्यों का सफर तय कर लिया है। अब वह साइकिल से आगरा पहुंचे हैं।

2 min read
Jul 20, 2022
ashim_reached_agra_traveled_14_states_by_bicycle_in_two_months.jpg

साइकिल चलाकर देश घूमने का सपना देखने वाले त्रिपुरा के 23 वर्षीय आशिम ने दो महीने के अंदर 14 राज्यों का सफर तय कर लिया है। अब वह साइकिल से आगरा पहुंचे हैं। अपनी इस लंबी यात्रा में उन्होंने सोशल मीडिया पर बेठिकाना नाम से पेज बनाया है, जिससे वह लोगों को भारत दर्शन कराने का काम भी कर रहे हैं। साथ ही वह लोगों को गो ग्रीन, गो क्लीन का संदेश दे रहे हैं। इस दौरान ताजमहल का दीदार करने के बाद आशिम ने बताया कि उन्हें बचपन से ही साइकिल चलाने का बेहद शौक रहा है। अगर प्लेन की जगह उन्हें कोई खटारा साइकिल भी मिल जाए तो वह उससे ही सफर करना पसंद करेंगे। उनका कहना है कि साइकिल चलाने से वायु प्रदूषण नहीं होता।

लोगों को दिया गो ग्रीन गो क्लीन का संदेश

बता दें कि साइकिल के जुनूनी आशिम ने पूरे देश को गो ग्रीन गो क्लीन का संदेश देने के लिए 3 महीने पहले त्रिपुरा से साइकिल से ऑल इंडिया ट्रैवलिंग टूर की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी यात्रा में सबसे पहले हिमाचल चुना। इसके बाद उन्होंने पंजाब, दिल्ली समेत अब तक करीब 14 राज्यों में करीब 5000 किमी लंबा सफर साइकिल से तय किया है। अब वह आगरा के ताजमहल पहुंचे हैं। आशिम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ताजमहल बनाने में कारीगरों ने अपना सारा टैलेंट लगा दिया है। इसकी तारीफ के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।

कन्याकुमारी इंडिया बार्डर तक जाएंगे आशिम

आशिम ने आगे बताया कि उनका ग्रेजुएशन का फाइनल ईयर है और इसके लिए अब वो यहां से एमपी होते हुए नेशनल हाईवे चार पर चलकर कन्याकुमारी इंडिया बार्डर तक जाएंगे और वहां से वापस घर जाएंगे। उन्होंने बताया कि वह फेसबुक और यूट्यूब पर अपना बे-ठिकाना नाम से पेज चलाते हैं। इसके जरिए वह लोगों को अपने सभी टूर की जानकारी देते हैं। वहीं उनके फालोअर्स भी बे-ठिकाना नाम के पेज को पसंद करते हैं।

Published on:
20 Jul 2022 11:52 am