
विश्वभर में मोम के पुतलों के लिए प्रसिद्ध मैडम तुसाद म्यूजियम नोएडा के सेक्टर 18 में स्थित डीएलएफ मॉल में मंगलवार से शुरू हो रहा है। इस संग्रहालय में खेल, मनोरंजन, इतिहास और संगीत के 50 भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दिग्गज लोगों की मोम की प्रतिमाओं को शामिल किया गया है। नोएडा समेत देशभर के लोग यहां आकर मशहूर हस्तियों का दीदार कर सकते हैं और उनके साथ सेल्फी भी ले सकते हैं। आपको बता दें कि यहां आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोनाल्डो, अमिताभ बच्चन, दिलजीत दोशांज और कैटरीना कैफ समेत देश दुनिया के सिनेमा और खेल जगत से जुड़े सितारे और विख्यात नेताओं के मोम के पुतलों से अब लोग नोएडा में रूबरू हो सकेंगे।
इन हस्तियों के होंगे दीदार
गौरतलब है कि मोम के पुतलों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध विश्व प्रख्यात मैडम तुसाद संग्रहालय सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल में मंगलवार से शुरू हो जाएगा। संग्रहालय पहले से ज्यादा भव्य और आकर्षक बनाया गया है। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार पटेल, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस समेत अन्य कई आजादी के नायक से लेकर पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम समेत 50 से अधिक शख्सियतों के पुतले मौजूद हैं। वहीं खेल जगत से सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, कपिल देव, मैरीकॉम, मिल्खा सिंह, डेविड बेकम, उसेन बोल्ट, सिनेमा जगत से अमिताभ बच्चन, राजकपूर, सलमान खान, रणबीर कपूर, कैटरीना समेत अन्य फिल्मी सितारे और हॉलीवुड से एंजलिना जॉली, जेनीफर लोपेज आदि शख्सियतों के पुतले होंगे।
लंदन से हुई थी संग्रहालय की शुरुआत
मैडम तुसाद संग्रहालय पर बात करते हुए प्रवक्ता शैलेंद्र ने बताया कि पहली बार 2017 में कनॉट प्लेस दिल्ली में खोला गया था। लेकिन इस बीच कोरोना महामारी के कारण इसे बंद करना पड़ा था। मैडम तुसाद संग्रहालय का 200 साल का इतिहास और विरासत है। इसे पहली बार 1835 में लंदन में खोला गया था। मैडम तुसाद के मूर्तिकार प्रकृति का निर्माण करने के लिए तकनीकों का इस्तेमाल करते हैं। एक कलाकार की सजीव आकृति बनाने में कम से कम 3 महीने का समय लग जाता है।
Published on:
19 Jul 2022 10:21 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
