
Chambal River Murder Case: दिल्ली के तिगड़ी इलाके में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पांच महीने की गर्भवती युवती (18) ने गर्भपात कराने से इनकार किया तो उसके पिता ने बड़े दामाद के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों उसे आगरा के पास चंबल नदी किनारे ले गए और डुबोकर मार डाला। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए फोटो लिए। आरोपी पिता ने पुलिस को बताया कि उसने शव को नदी में इसलिए फेंका ताकि मगरमच्छ उसे खा जाएं और कोई सबूत न बचे।
पुलिस के अनुसार, तिगड़ी निवासी टेंट व्यवसायी की 18 साल की बेटी का, एक 17 साल के लड़के से प्रेम संबंध था। करीब एक महीने पहले परिवार को पता चला कि युवती पांच महीने की गर्भवती है। इसके बाद पिता ने बेटी पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। हालांकि, युवती ने गर्भपात कराने से इनकार कर दिया। बेटी के फैसले के बाद पिता को परिवार की बदनामी का डर सताने लगा। आरोप है कि इसी के बाद उसने बेटी की हत्या की योजना बनाई और इसमें अपने बड़े दामाद को भी शामिल कर लिया।
आरोपियों ने हत्या के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा में बसोनी के पास चंबल नदी का इलाका चुना। पुलिस के मुताबिक, इसके पीछे एक खौफनाक सोच थी। आरोपियों को उम्मीद थी कि नदी में मगरमच्छ युवती के शव को खा जाएंगे और शव बरामद नहीं होगा। इससे पोस्टमॉर्टम की स्थिति भी नहीं बनेगी और हत्या के सबूत मिट जाएंगे। 29 जुलाई को दोनों आरोपी युवती को अपने साथ चंबल नदी के पास ले गए। वहां उन्होंने युवती के डूबकर आत्महत्या करने का नाटक किया। इसके लिए फोटो और वीडियो बनाए गए, ताकि बाद में पुलिस और आसपास के लोगों को इसे आत्महत्या बताया जा सके।
घटना के बाद 31 जुलाई को आरोपी पिता दिल्ली वापस आया। उसने पड़ोसियों को युवती की तस्वीरें दिखाईं और बताया कि उसने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। शुरुआत में यह कहानी आत्महत्या जैसी दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन एक पड़ोसी को आरोपी की बात पर शक हो गया। पड़ोसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास सामने आए। जांच में पुलिस को जानकारी मिली, पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी टूट गया और मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने युवती की हत्या के आरोप में उसके पिता और बड़े दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है। वहीं, गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में युवती के शव की तलाश जारी है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। खास तौर पर युवती की गर्भावस्था, गर्भपात के लिए बनाए गए दबाव और हत्या से पहले तैयार किए गए फोटो-वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।