आगरा

बेडरूम में लगा था गुप्त कैमरा; प्राइवेट में बिताए हर पलों की रिकॉर्डिंग; ऐसे खुला दबा हुआ राज

Hidden Camera In Bedroom: पति ने बेडरूम में गुप्त कैमरा लगाकर पत्नी के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। पीड़िता के मुताबिक, शादी के बाद से उसका उत्पीड़न शुरू हुआ।
2 min read
Apr 19, 2026
husband installed hidden camera in bedroom and made objectionable videos of his wife agra
पति ने बेडरूम में गुप्त कैमरा लगाकर पत्नी के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए। फोटो सोर्स-Ai

Hidden Camera In Bedroom: उत्तर प्रदेश के आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि उसकी शादी 12 नवंबर 2024 को दिल्ली के पीतमपुरा निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद ही ससुराल पक्ष का असली चेहरा सामने आ गया। आरोप है कि उसके ससुर खुद को बड़े कारोबारी बताते हुए दहेज में 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे।

पति पर मारपीट और दूसरी महिला से संबंध का आरोप

पीड़िता ने बताया कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, वह बागपत निवासी एक महिला से लगातार बातचीत करता था, जो गुरुग्राम में नौकरी करती है। इससे वैवाहिक जीवन में तनाव और बढ़ गया।

बंधक बनाकर की गई मारपीट, पुलिस की मदद से मिली राहत

महिला ने आरोप लगाया कि 3 फरवरी 2025 को ससुरालवालों ने उसे मारपीट कर घर में बंधक बना लिया था। बाद में उसके पिता मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से उसे वहां से छुड़ाया। इस घटना के बाद से पीड़िता अपने मायके में रह रही है।

गुप्त कैमरे से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो

मामले का सबसे सनसनीखेज पहलू तब सामने आया जब पीड़िता को पता चला कि उसके पति ने शादी के बाद बेडरूम में चोरी-छिपे कैमरा लगाकर उसके निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। आरोप है कि इन वीडियो को उसने अपनी प्रेमिका को भेज दिया। तभी इस मामले का खुलासा हो पाया

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया जा रहा ब्लैकमेल

पीड़िता का कहना है कि उसके पति की प्रेमिका अब इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बना रही है। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

परिवार को जान से मारने की धमकी का भी आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। साथ ही, उसने पति की छोटी बहन के प्रति भी गलत नजर रखने का आरोप लगाया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू

पीड़िता की शिकायत पर हरीपर्वत थाना पुलिस ने आरोपी पति और उसकी कथित प्रेमिका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।