अहमदाबाद

Rain Alert: अहमदाबाद में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट, बंद रहेंगे स्कूल और कॉलेज, स्पेशल परीक्षा फिर स्थगित

IMD Red Alert: भारतीय मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद अहमदाबाद और गांधीनगर में 31 जुलाई को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
2 min read
Ahmedabad Rain
अहमदाबाद में बारिश। फोटो- एएनआई

अहमदाबाद। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) की ओर से 31 जुलाई और एक अगस्त को अहमदाबाद शहर और जिले में भारी से अति भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद शहर व जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला कलक्टर के निर्देश पर 31 जुलाई को अहमदाबाद जिले और अहमदाबाद शहर पूर्व और पश्चिम क्षेत्र के सभी सरकारी, अनुदानित, गैर-अनुदानित और निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला कलक्टर और उसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी पूर्व और पश्चिम आरएम चौधरी ने इस संबंध में सभी स्कूलों के प्राचार्य व संचालकों को लिखित निर्देश भी जारी कर दिए हैं। आदेश के तहत 31 जुलाई को सभी शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। सभी संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि अवकाश की सूचना तत्काल शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों तक व्हाट्सएप, एसएमएस, फोन तथा अन्य उपलब्ध माध्यमों से पहुंचाई जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एक अगस्त के बारे में समीक्षा बाद होगा निर्णय

जिला कलक्टर भव्य वर्मा ने कहा कि एक अगस्त के लिए भी रेड अलर्ट घोषित किया गया है, लेकिन एक अगस्त को स्कूल, कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य बंद रखा जाए या नहीं उसकी घोषणा 31 जुलाई को स्थिति की समीक्षा करने के बाद की जाएगी।

गांधीनगर जिले में भी सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश

गांधीनगर जिले में भी 31 जुलाई को भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उसे देखते हुए गांधीनगर जिला कलक्टर रविन्द्र खताले ने 31 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अनुदानित, गैर-अनुदानित और निजी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। उसके आधार पर गांधीनगर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (डीपीईओ) ने संबंधित स्कूलों के प्राचार्य और संचालकों को अवकाश की सूचना तत्काल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों तक व्हाट्सएप, एसएमएस, फोन तथा अन्य उपलब्ध माध्यमों से पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिए।

आंगनबाड़ी में 3 अगस्त तक अवकाश घोषित

उधर अहमदाबाद महानगर पालिका प्रशासन ने भारी-बारिश की चेतावनी के बीच सभी आंगनबाड़ी में 3 अगस्त तक अवकाश घोषित कर दिया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह घोषणा की गई है।

जीटीयू की 31 जुलाई को प्रस्तावित स्पेशल परीक्षा फिर स्थगित

वहीं गुजरात तकनीकी विश्वविद्यालय (जीटीयू)की ओर से बीई, डीई के स्पोर्ट्स एवं अन्य गतिविधियों में भाग लेने के के चलते परीक्षा न दे पाने वाले विद्यार्थियों की 31 जुलाई को प्रस्तावित स्पेशल परीक्षा भारी-बारिश की आगाही के चलते स्थगित कर दी गई है। जीटीयू सूत्रों के तहत इससे पहले भी 26 जुलाई को प्रस्तावित यह परीक्षा भारी बारिश की आगाही के चलते स्थगित करके 31 जुलाई को निर्धारित रखी गई थी। अब 31 जुलाई को फिर से रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में उसे फिर से स्थगित रखा गया है। जल्द नई तिथि घोषित की जाएगी। इसके साथ ही जीटीयू ने भी 31 जुलाई को कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य को बंद रखने का निर्देश जारी किया है।

Updated on:
30 Jul 2026 07:56 pm
Published on:
30 Jul 2026 07:56 pm