
अजमेर के कृष्णगंज थाना पुलिस ने वैशाली नगर में NRI के अपहरण के प्रयास के मामले में 5-5 हजार रुपए के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब चार महीने से फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात, जालौर, जयपुर और जोधपुर में ठिकाने बदल रह रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दोनों को अजमेर रोडवेज बस स्टैंड से धर दबोचा।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 27 मार्च को वैशाली नगर निवासी 64 वर्षीय एनआरआई गंगाधर शिवनानी के अपहरण के प्रयास में जोधपुर जिले के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, भवानी नगर शोभावों की ढाणी निवासी रामेश्वर शर्मा उर्फ छोटू(41) व महेश गुनपाल(30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को बापर्दा रखा है। न्यायिक अभिरक्षा में दोनों की पीड़ित और उनके परिवार के सदस्यों के जरिए शिनाख्त परेड करवाई जाएगी।
एसपी अग्रवाला ने बताया कि प्रकरण में मुख्य साजिशकर्ता जोधपुर निवासी अमर वाटवानी, नागौर निवासी रविंद्र खीचड़ उर्फ रवि को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
एसपी अग्रवाला ने बताया कि एएसपी हिमांशु जांगिड़, सीओ नॉर्थ शिवम जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी अरविंद चारण के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल हेडकांस्टेबल धर्मराज थौरी ने उनकी लोकेशन के आधार पर विश्लेषण किया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग राज्यों में मजदूरी कर रहे थे। मुखबिर से सूचना पर अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा। पड़ताल में सामने आया कि रामेश्वर शर्मा व महेश गुनपाल की गिरफ्तारी के बाद घर से फरार हो गए। उन्होंने गुजरात, जालौर, जयपुर, जोधपुर में अलग-अलग जगह पर रहकर मजदूरी करते हुए फरारी काटी।
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी महेश गुनपाल के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट व गंभीर चोट पहुंचाने जैसे पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चौपासनी थाना, जोधपुर में चार तथा देवनगर थाने में एक प्रकरण दर्ज है। पुलिस कार्रवाई में एएसआई कुन्नाराम, हैडकांस्टेबल धर्मराज थौरी(विशेष योगदान), सिपाही प्रेमाराम, इमरान और राजेंद्र
कृष्णगंज थाने में वैशाली नगर गंगाधर शिवनानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मार्च रात करीब 8.15 बजे दो व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर घर में घुस आए और गिरफ्तारी वारंट होने की बात कहकर जबरन कार में बैठाने लगे। विरोध पर आरोपी ने उनके सिर पर पिस्टल लगा दी। उनके बेटे ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी उन्हें छोड़कर फरार हो गए। धक्का-मुक्की में शिवनानी के हाथ-पैर में चोटें भी आईं। प्रकरण में अपहरण के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।