CBSE: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यार्थी अगर किसी विषय में अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं तो अपनी कॉपियों की दुबारा जांच करवा सकेंगे।
सीबीएसई : संवीक्षा कराने के बाद मिलेगी सुविधा
अजमेर. केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(cbse) के विद्यार्थी अगर किसी विषय में अपने परिणाम (result) से संतुष्ट नहीं हैं तो अपनी कॉपियों(copies) की दुबारा जांच करवा सकेंगे। हालांकि इससे पहले उन्हें चरणबद्ध तरीके से संवीक्षा और उत्तर-पुस्तिका की फोटो कॉपी लेनी होगी।
Read More: सीबीएसई की मुख्य परीक्षाएं फरवरी में
सीबीएसई परीक्षाओं में प्रति वर्ष देश के लाखों विद्यार्थी शामिल होते हैं। परिणाम अनुकूल नहीं आने पर प्रतिवर्ष इनमें से 25 फीसदी विद्यार्थी संवीक्षा के लिए आवेदन करते आ रहे हैं। संवीक्षा के तहत उनकी उत्तर-पुस्तिकाओं में पहले से ही मिले अंकों की महज री-टोटलिंग की जाती है। यह अलग बात है कि अधिकतर विद्यार्थी री-टोटलिंग के परिणाम से भी संतुष्ट नहीं रहते।
कॉपी दुबारा जंचवाने की सुविधा
री-टोटलिंग में जिन विद्यार्थियों के अंकों की बढ़ोतरी नहीं होती। उनके लिए सीबीएसई की ओर से कॉपियां दुबारा जंचवाने की भी सुविधा मिलेगी। हालांकि इसके तहत पूरी कॉपी के स्थान पर महज कुछ प्रश्नों को दुबारा जंचवाया जा सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न शुल्क चुकाना होगा। इस सुविधा का उपयोग करने से पूर्व विद्यार्थियों को अपनी उत्तर-पुस्तिका की कॉपी के लिए आवेदन करना होगा।
विद्यार्थी तय करेंगे प्रश्न
सीबीएसई की ओर से उत्तर-पुस्तिका मिलने के बाद विद्यार्थी लिखे गए उत्तर और परीक्षक द्वारा दिए अंकों का अवलोकन करेंगे। अगर उन्हें लगता है कि उन्हें इससे अधिक अंक मिलने चाहिए थे तो वे उन प्रश्नों को दुबारा जंचवाने के लिए सीबीएसई को आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को प्रति प्रश्न अलग से शुल्क भी चुकाना होगा। सीबीएसई ने दुबारा जंचवाने वाले प्रश्नों की संख्या भी निर्धारित की है।
राजस्थान बोर्ड में नहीं सुविधा
कॉपी दुबारा जंचवाने की सुविधा महज केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने ही प्रारंभ की है। प्रतिवर्ष 20 लाख से अधिक विद्यार्थियों की परीक्षा लेने वाले राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में कॉपी दुबारा जंचवाने की सुविधा नहीं है। राजस्थान बोर्ड में उत्तर-पुस्तिका की महज संवीक्षा की सुविधा है। इसके तहत उत्तर-पुस्तिकाओं के अंकों की री-टोटलिंग कर परिणाम जारी कर दिया जाता है।
इनका कहना है
विद्यार्थियों को अगर लगता है कि उन्हें उनके सवालों के जवाब पर मिले अंक कम हैं तो वे चयनित प्रश्नों को दुबारा जंचवा सकते हैं। यह सुविधा उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगी, जिन्होंने संवीक्षा और उत्तर-पुस्तिका की प्रति लेने के लिए आवेदन किया है। दुबारा जंचवाने वाले प्रश्नों की संख्या भी निर्धारित है।
-पूनम रानी, क्षेत्रीय अधिकारी, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड
Read More: आने वाले कुछ सालों में सीबीएसई एग्जाम ...