अजमेर

CM भजनलाल शर्मा का पुष्कर दौरा: गांव की चौपाल पर सुनी समस्याएं, CHC और बस सेवा की दी सौगात

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने पुष्कर के कड़ेल गांव में मॉर्निंग वॉक के दौरान ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों की मांग पर PHC को CHC में क्रमोन्नत करने, सिटी बस सेवा शुरू करने और स्कूल चारदीवारी निर्माण को मंजूरी दी।
2 min read
May 11, 2026
CM BhajanLal Sharma Pushkar Visit
CM BhajanLal Sharma Pushkar Visit (Photo-X)

CM BhajanLal Sharma Pushkar Visit: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन दिनों जन-संवाद और जमीनी हकीकत जानने के लिए सीधे जनता के बीच पहुंच रहे हैं। रविवार और सोमवार को पुष्कर दौरे के दौरान सीएम का एक अलग अंदाज देखने को मिला।

बता दें कि मुख्यमंत्री ने न केवल गांव की चौपाल पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि मौके पर ही विकास कार्यों को मंजूरी देकर जनता को बड़ी राहत दी। सोमवार सुबह जब मुख्यमंत्री कड़ेल गांव की गलियों में 'मॉर्निंग वॉक' पर निकले, तो उन्हें अपने बीच पाकर ग्रामीण उत्साहित हो गए। सादगी के साथ पैदल चलते हुए सीएम ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया, महिलाओं से घर-परिवार का हाल जाना और युवाओं से उनके भविष्य को लेकर चर्चा की।

ग्रामीणों की मांग पर तुरंत एक्शन

गांव की 'हथाई' (चौपाल) पर बैठकर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ लंबी चर्चा की। ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं को लेकर तीन प्रमुख मांगें रखी थीं, जिन्हें सीएम ने तुरंत स्वीकार कर लिया।

  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत किया जाएगा।
  • ग्रामीणों की सुविधा के लिए गांव तक सिटी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की गई।
  • गांव के स्कूल की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) के निर्माण को मंजूरी दी गई।

किसान के घर किया भोजन

इस दौरे की सबसे खास बात मुख्यमंत्री का देसी अंदाज रहा। रविवार रात को 'ग्राम विकास चौपाल' के बाद सीएम भजनलाल शर्मा गांव के निवासी लादूराम मेघवाल के घर पहुंचे। वहां उन्होंने जमीन पर बैठकर सादगी से भोजन किया। भोजन से पहले उन्होंने लादूराम की माता माना देवी के पैर छूकर उनका कुशलक्षेम पूछा, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

मंदिर में पूजा और बच्चों संग मस्ती

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में माथा टेका और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। गांव की गलियों में घूमते समय जब बच्चे सीएम के पास पहुंचे, तो उन्होंने बड़े प्यार से उन्हें चॉकलेट बांटी और उनसे पढ़ाई के बारे में बातें की।

इस दौरान उनके साथ जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। ग्रामीणों से संवाद पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से किशनगढ़ के लिए रवाना हो गए।

सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा…

आज प्रातः भ्रमण के दौरान अजमेर की कड़ेल ग्राम पंचायत में ग्रामीण जीवन की सादगी और प्रकृति की अनुपम सुंदरता के बीच बिताए पल अविस्मरणीय रहे। गांव की यह हरियाली और स्वच्छ वायु हमारी समृद्ध संस्कृति का जीवंत उदाहरण है।

इस दौरान सम्मानित बुजुर्गों, मातृशक्ति, युवा साथियों और बच्चों के साथ हुई आत्मीय मुलाकात ने मन को असीम ऊर्जा से भर दिया। ग्रामीणों की भावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए कड़ेल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत करने की घोषणा की है।

साथ ही, प्राचीन शेषनाग भगवान मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आप सभी का यही स्नेह और अटूट विश्वास मुझे प्रदेश की सेवा के संकल्प पथ पर निरंतर चलने की शक्ति प्रदान करता है।

Published on:
11 May 2026 11:38 am