
फॉयसागर क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई
जलदाय विभाग : क्षेत्रवासियों का आरोप, शिकायतों पर ध्यान नहीं देते अधिकारी
अजमेर. शहर की जलापूर्ति व्यवस्था से लोग परेशान हैं। कहीं 48 तो कहीं 72 घंटे के अंतराल में भी जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर घरों में दूषित पानी( durty water)की सप्लाई हो रही है। शहरवासियों का आरोप है कि जलदाय विभाग(phed deparment ) के अफसर लोगों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
फॉयसागर क्षेत्र के स्वास्तिक नगर के बाशिंदों का कहना है कि यहां 10-15 दिन के अंतराल में सप्लाई हो रही है। क्षेत्रवासी मीनाक्षी ने बताया कि कॉलोनी में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। यह समस्या एक निर्माणाधीन मकान के जल कनेक्शन लेने के बाद से शुरू हुई है। जल कनेक्शन लेने के बाद इलाके में नलों में दूषित पानी आना शुरू हो गया है। जलदाय विभाग के फॉयसागर चौकी स्थित दफ्तर में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई है।
नहीं मिला है कोई जवाब
क्षेत्रवासी राशि ने बताया कि जलदाय विभाग के अफसरों-कार्मिकों से कई बार टेलीफोन और व्यक्तिगत बातचीत की गई। इसके बावजूद उन्होंने दूषित जलापूर्ति रोकने अथवा संतोषजनक जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। लोगों के बार-बार जाने पर वे पानी की सप्लाई होने पर सूचना देने को कहते हैं। इसके बावजूद कोई पाइप लाइन और पानी जांच करने नहीं आते हैं।
जलापूर्ति नहीं पटरी पर
शहर में जलापूर्ति अब तक पटरी पर नहीं आई है। जलदाय विभाग की ओर से 48 घंटे में जलापूर्ति का दावा किया जाता है, लेकिन विभिन्न सर्किल में 72 घंटे में भी पानी नसीब नहीं हो रहा है। हाल में नया बाड़ा पुलिस लाइन, लोहाखान, भोपों का बाड़ा। मीठा कुआं, अनुपम नगर, लामड़ी, सर्वेश्वर नगर, जवाहर नगर सहित अन्य इलाकों के लोगों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन भी किया।