
अजमेर। जिले के मदनगंज-किशनगढ़ क्षेत्र में जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर गुरुवार को तीन भारी वाहनों की भीषण भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे खड़े बजरी से भरे डंपर से एक कंटेनर टकरा गया, जिसके बाद पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक कंटेनर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा आर.के. पाटनी फार्म हाउस के सामने हुआ। सड़क किनारे बजरी से भरा डंपर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर ने डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर भी नियंत्रण खो बैठा और दोनों वाहनों से टकराने के बाद सड़क किनारे स्थित फार्म हाउस के बाहर लगे पेड़ से जा भिड़ा।
दूसरे कंटेनर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे चालक अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और चालक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर आर.के. मार्बल ग्रुप के चेयरमैन अशोक पाटनी मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर तत्काल जेसीबी मंगवाई गई, जिसकी सहायता से केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद घायल चालक को निजी एम्बुलेंस से राजकीय यज्ञनारायण जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद ली। हादसे के कारण जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वाहनों को हटाने के बाद पुलिस ने यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आगे खड़े वाहन का समय पर पता नहीं चल पाने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।