अजमेर

Ajmer: महिला पुलिसकर्मियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, अब बिना टेंशन के कर सकेंगी ड्यूटी, मिलेगी ये मॉडर्न सुविधा

Good News For Ajmer Female Police: अजमेर जिला पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत देते हुए पुलिस लाइन में आधुनिक क्रेच सुविधा शुरू करने की पहल की है। इस क्रेच में बच्चों की देखभाल, खेलकूद और डे-बोर्डिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे महिला पुलिसकर्मी बिना किसी चिंता के ड्यूटी कर सकेंगी।

2 min read
May 18, 2026
फोटो: AI

Modern Day-Boarding Creche: अजमेर जिला पुलिस के बेड़े में महिला पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत देने की दिशा में पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने नई पहल की है। महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए पुलिस लाइन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रेच तैयार किया जा रहा है। यहां महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों की देखभाल, खेलकूद व डे-बोर्डिंग की व्यवस्था रहेगी। जिससे महिला पुलिसकर्मी निश्चिंत होकर ड्यूटी कर सकेंगी। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित और शिक्षाप्रद वातावरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

पुलिस कप्तान हर्षवर्धन अग्रवाला ने जिला पुलिस की महिला पुलिस कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन परिसर में उनके छोटे बच्चों की देखभाल के लिए ‘क्रेच’ बनाने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़, पुलिस लाइन के अधिकारी व जवानों के साथ क्रेच निर्माण का प्रोजेक्ट लगभग तैयार चुके है। इस अनूठी सोच के पीछे ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को बच्चों की चिंता से मुक्त करना उद्देश्य है।

ये भी पढ़ें

​​​​​Jodhpur News: पुलिस की नौकरी, शिक्षक बनने की खुशी और घर आई नई बहू…एक हादसे ने छीन लीं चार जिंदगियां

रहेगी डे-बोर्डिंग की सुविधा

क्रेच में बच्चों के खेलकूद के साथ डे-बोर्डिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। बच्चों की देखभाल के लिए एक महिला हैडकांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई है। दोनों महिला पुलिसकर्मी सुबह 8 बजे से शाम तक बच्चों की देखरेख करेंगी। इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा तथा नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की जाएगी।

दीवारें बनाएंगी क्रेच को खास

खास बात यह कि क्रेच में पहली मर्तबा बच्चों के लिए मिल्क और फूड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा पुलिस लाइन में एक बड़ा हॉल तैयार किया है, जिसे आकर्षक स्वरूप दिया गया है। हॉल की दीवारों पर छोटा भीम, मिक्की माउस, खरगोश, तितलियां, पेड़-पौधे, पहाड़, पक्षी के रंग-बिरंगे चित्र उकेरे हैं, ताकि बच्चों को खुशनुमा वातावरण मिल सके। इसके अलावा बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के खिलौनों की व्यवस्था की गई है।

इनका कहना है

पुलिस लाइन में महिला पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए क्रेच बनाया जा रहा है। जहां बच्चों के देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। क्रेच का माहौल अच्छा बनाने के लिए दीवारों पर आकर्षक आकृतियां उकेरी जा रही हैं जो बच्चों को आकर्षित करेंगी।
हिमांशु जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अजमेर

ये भी पढ़ें

Rajasthan River: कभी सालभर बहती थी राजस्थान की यह नदी, 49 साल बाद अब फिर आएगा पानी; DPR तैयार
Published on:
18 May 2026 11:16 am
Also Read
View All