
Ajmer Crime : कनाडा निवासी अप्रवासी भारतीय का शुक्रवार रात बंदूक की नोक पर लुटेरों ने अपहरण का प्रयास किया। लुटेरे घर पर नकली पुलिसकर्मी बनकर आए थे। परिवार द्वारा घटनाक्रम का वीडियो बनाने और अप्रवासी भारतीय की सजगता से लुटेरे फरार हो गए। शिकायत पर कृष्णगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बधिर विद्यालय वैशाली नगर निवासी अप्रवासी भारतीय गंगाधर शिवनानी ने बताया कि वह करीब 10 -15 साल से कनाडा में रहते हैं। उनके छोटे भाई गुरमुख के पैर में गैंगरीन होने पर वह तबीयत पूछने शुक्रवार रात्रि 7.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट से अजमेर पहुंचे। यहां करीब 8.15 बजे एक कार में तीन लोग उनके घर पहुंचे। एक युवक ने कार से उतरकर बाहर से गंगाधर का नाम पूछा।
जब गंगाधर बाहर आए तो कार से उतरे युवक ने कहा कि आपके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट है। आपको हमारे साथ चलना पड़ेगा। इस पर गंगाधर ने कहा कि उन्होंने कोई गैर कानूनी काम नहीं किया है, न कोई अवांछित सामग्री लाए हैं।
गंगाधर ने आनाकानी की तो युवक उन्हें कार की तरफ धकेलना लगा। इस पर उन्हें युवकों के लुटेरे होने का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल पुत्र हार्दिक को आवाज लगाकर बाहर आने और वीडियो शूट करने को कहा। हार्दिक ज्यों ही वीडियो बनाने लगा तब युवक ने जेब से बंदूक निकाल ली।
वीडियो शूट होता देखर लुटेरे युवक कार में बैठकर फरार हो गए। इस दौरान धक्का-मुक्की में गंगाधर के हाथ और पैर में चोटें पहुंची। सूचना मिलते कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
शिवनानी ने संदेह जताया कि संभवत: जयपुर एयरपोर्ट से लुटेरे उनका पीछा कर रहे थे। कार का ड्राइवर भी काफी देर तक मोबाइल पर बातें करता चल रहा था। उन्हें कार ड्राइवर और लुटेरों की सांठ-गांठ का अंदेशा जताया है।
पुलिस ने शनिवार को एहतियात के तौर पर शिवनानी के घर के आसपास गश्त लगाई है। साथ ही कोई अंजान कॉल आने पर सूचना देने को कहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।