अजमेर

RPSC का बड़ा एलान: राजस्थान में दोबारा होगी SI भर्ती, जानें कब हो सकती है परीक्षा

राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा-2021 फिर से होगी। सरकार की अनुशंसा पर राजस्थान लोक सेवा आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी है। अब केवल वही 3.83 लाख अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा दे सकेंगे, जो पहले दोनों पेपर में शामिल हुए थे। परीक्षा सितंबर 2026 में संभावित है।
2 min read
May 08, 2026
RPSC Bharti
फाइल फोटो: पत्रिका

RPSC SI 2021 Re-Exam: अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद साल 2021 में आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को निरस्त कर दिया गया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जा रही है।

आयोग अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि दोबारा परीक्षा में केवल वही 3 लाख 83 हजार 097 अभ्यर्थी बैठ सकेंगे, जो पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल हुए थे। नए आवेदकों को इसमें अवसर नहीं दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सितंबर 2026 में होना संभावित है।

16 मई से शुरू होगी आवेदन संशोधन प्रक्रिया

अभ्यर्थियों को उनके पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार और अपडेट करने का अवसर दिया जा रहा है। संशोधन की प्रक्रिया 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थी निम्नलिखित जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे। जैसे कि मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस और पत्राचार का पता।

भर्ती आवेदन में संशोधन के लिए OTR और KYC अनिवार्य

अभ्यर्थियों को अपने आवेदन में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में KYC (केवाईसी) प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य होगा। आयोग के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। वे 'फैच एप्लिकेशन फॉर्म' विकल्प के जरिए अपना पुराना डेटा नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकते हैं। केवाईसी पूरी होने पर आपकी लाइव फोटो, सिग्नेचर और अंगूठे का निशान अपने आप अपडेट हो जाएंगे।

बायोमेट्रिक डेटा के उपयोग की स्वघोषणा देना अनिवार्य

खास बात यह है कि यदि आपको कोई संशोधन नहीं भी करना है, तब भी आपको आवेदन को 'एडिट मोड' में खोलना होगा। यहां आपको अपनी फोटो और बायोमेट्रिक डेटा के उपयोग की स्वघोषणा (डिक्लेरेशन) और सहमति देनी होगी। इसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अंत में मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करके ही फाइनल सब्मिट करना होगा।

आयोग सचिव ने स्पष्ट किया है कि आयु, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता जैसी पात्रता की शर्तें वर्ष 2021 के आधार पर ही तय की जाएंगी। इसमें वर्तमान स्थिति के अनुसार कोई बदलाव नहीं होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और रिक्रूटमेंट पोर्टल देखते रहें।

Updated on:
10 May 2026 12:15 pm
Published on:
08 May 2026 01:43 pm