RPSC SI Recruitment Exam: राजस्थान लोक सेवा आयोग की एसआइ भर्ती 2025 और सितम्बर में दोबारा होने वाली 2021 भर्ती परीक्षा से राज्य सरकार को 1874 थानेदार मिलेंगे।
Rajasthan SI Exam: अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की एसआइ भर्ती 2025 और सितम्बर में दोबारा होने वाली 2021 भर्ती परीक्षा से राज्य सरकार को 1874 थानेदार मिलेंगे। हालांकि लगातार सेवानिवृत्तियों और पदोन्नति के चलते राज्य में सब इंस्पेक्टर के करीब 1500 से ज्यादा पद रिक्त हैं। लिहाजा अभ्यर्थियों की नजरें नई भर्ती अभ्यर्थना पर भी टिकी हुई हैं।
1949 में गठित राजस्थान लोक सेवा आयोग ही सब इंस्पेक्टर-प्लाटून कमांडरों की भर्ती परीक्षा कराता है। साल 2025 की एसआइ भर्ती में 1015 पद हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट-हाइकोर्ट के आदेश से रद्द हुई एसआइ भर्ती 2021 में 859 पद हैं।
एसआइ भर्ती-2025 में 1015 पद हैं। परीक्षा बीते अप्रेल में हो चुकी है। इसमें 5 अप्रेल को कुल पंजीकृत 7,70,040 में से 4,63,333 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 3,67,07 अनुपस्थित रहे थे। 6 अप्रेल को पंजीकृत 7,70,058, में से 4,72,370 उपस्थित, और 2,97, 688 अनुपस्थित रहे थे।
रद्द हो चुकी एसआइ भर्ती में 859 पद हैं। पूर्व में यह परीक्षा 13 से 15 सितम्बर 2021 को कराई गई थी। इसमें 7 लाख 97 हजार 030 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। तीनों दिन प्रथम सत्र में 3 लाख 83 हजार 728 तथा द्वितीय सत्र में 3 लाख 83 हजार 235 अभ्यर्थी शामिल हुए। 4 लाख 14 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी थी।
सेवानिवृत्तियों और पदोन्नति के चलते सब इंस्पेक्टर के करीब 1500 से पद रिक्त हैं। अब 2021 और 2025 की भर्ती से पुलिस थानों को 1874 थानेदार मिलेंगे। हालांकि दोनों भर्तियों की प्रक्रिया अलग-अलग चलेगी। इसमें लिखित परीक्षा परिणाम, पुलिस मुख्यालय में शारीरिक दक्षता परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं।
साल 2016 की एसआइ भर्ती सबसे लेटलतीफ थी।आयोग ने 511 पदों के लिए 7 अक्टूबर 2018 को परीक्षा कराई थी। इसके बाद 8 जुलाई से 27 अगस्त 2020 तक साक्षात्कार के बाद परिणाम जारी किया गया था।