अलीगढ़

अलीगढ़ में बेटे ने ​पिता को उतारा मौत के घाट, दूसरी शादी से था नाराज

Aligarh News: अलीगढ़ में पिता की दूसरी शादी और संपत्ति विवाद से नाराज बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया।
2 min read
Jul 19, 2026
Son Kills Father
बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर पिता की चाकू से हत्या कर दी (X Photo)

Aligarh Murder Case: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में शर्मसार कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है। पिता की दूसरी शादी और संपत्ति विवाद से नाराज बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पिता को मिलने के बहाने बुलाया और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

मुलाकात के बहाने बुलाकर कर दी हत्या

यह मामला अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र के नगला किला के पास का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे ने हत्या का पूरा प्लान पहले ही बना लिया था। उसने अपने पिता को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद दोस्त समीर के साथ उन्हें सुनसान जगह पर ले गया। वहां दोनों ने मिलकर चाकुओं से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण बादशाह अली की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

मां की आखिरी निशानी बचाने के लिए पिता की हत्या

पूछताछ के दौरान आरोपी रिहान ने पुलिस को बताया कि उसके पिता उसकी मां को परेशान करते थे। मां की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद परिवार में तनाव लगातार बढ़ता गया और रिश्तों में दूरी आ गई। रिहान ने पुलिस को यह भी बताया कि जिस मकान को वह अपनी मां की आखिरी निशानी मानता था, उसके पिता उसे अपनी दूसरी पत्नी के नाम करना चाहते थे। इसी बात से वह बेहद नाराज था। समय के साथ उसके मन में गुस्सा बढ़ता गया और उसने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर हत्या की साजिश बना ली।

DSP सर्वम सिंह ने क्या बताया

DSP सर्वम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान बादशाह अली के रूप में हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि उनके बेटे रिहान ने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी। साजिश के तहत बादशाह अली को मिलने के लिए बुलाया गया और फिर उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर चाकुओं से हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने बादशाह अली पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इसके बाद मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर बेटे रिहान और उसके दोस्त समीर को गिरफ्तार कर लिया गया।

Updated on:
19 Jul 2026 06:19 pm
Published on:
19 Jul 2026 06:19 pm