Alwar Mustard Traders : राजस्थान का अलवर जिला सरसों की पैदावार का सबसे बड़ा उत्पादक जिला है। पर अलवर कृषि उपज मंडी के व्यापारी इस वक्त सहमे हुए हैं। आईएमडी ने आज बारिश की चेतावनी जारी की है।
Alwar Mustard Traders : राजस्थान में अलवर की कृषि उपज मंडी में इन दिनों सरसों की फसल की जबरदस्त आवक हो रही है वहीं, बारिश के चेतावनी के चलते व्यापारियों को चिंता सताने लगी है। व्यापारियों ने बताया कि लगातार आवक से सरसों खुले में पड़ी हुई है। आईएमडी ने 2 दिन (14-15 मार्च) अलवर और आस-पास के क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई थी।
मंडी में बारिश की आशंका के चलते दो दिन काम बंद रखा गया है। इतनी सरसों की आवक हुई है कि उसे सही जगह रखने के लिए या अन्य जगह भेजने के लिए दिन-रात मंडी में काम किया जा रहा है। जहां शुक्रवार को करीब 60 हजार कट्टों की आवक हुई थी अभी आधे सरसों को सुरक्षित जगह रखवाई गई है। आधी सरसों आज शाम तक सुरक्षित जगह रखवा दी जाएगी।
पल्लेदारों ने भी बताया है कि वह दिन रात सरसों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में लगे हैं। अलवर मंडी में सरसों को सुरक्षित रखने के लिए कोई स्थान नहीं है ऐसे में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि दो दिन से मंडी में पूरी तरह सरसों की आवक बंद है। बस मंडी में व्यापारी अपने पल्लेदारों से सरसों को बोरियों में भरवाकर सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सरसों की पैदावार में अलवर सबसे बड़ा उत्पादक जिला है। (वार्ता)