
Alwar Crime: अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मन्नाका गांव से सामने आया है, जहां शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश के भोपाल शहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार मन्नाका निवासी 55 वर्षीय नोनीहाल पुत्र ईदू खां भोपाल में ठेकेदारी का काम करते हैं। बीते 12 जुलाई को वह अपने मकान का अच्छी तरह ताला लगाकर पत्नी और बच्चों के साथ भोपाल चले गए थे। इस दौरान 25 जुलाई को जब उनके भतीजे की पत्नी अपने घर की छत पर गेहूं सुखाने गई, तो उनकी नजर नोनीहाल के मुख्य दरवाजे पर पड़ी। दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था और अलमारी के ताले टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत फोन कर नोनीहाल को चोरी की इस घटना की सूचना दी।
चोरी की खबर मिलते ही नोनीहाल रविवार सुबह भोपाल से तुरंत अपने गांव अलवर पहुंचे। घर के अंदर जाकर जब उन्होंने सामान की जांच की, तो अलमारी से एक सोने की हसली, दो जोड़ी सोने की गूंदी (गुली बंद), तीन सोने के हार और करीब 9 हजार रुपये की नकदी गायब थी। पीड़ित के अनुसार चोर केवल कीमती गहने और नकदी ही समेट कर ले गए। इसके बाद पीड़ित नोनीहाल ने सीधे वैशाली नगर थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। फिलहाल पुलिस गांव और आसपास के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का कोई सुराग मिल सके। साथ ही इलाके के संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मन्नाका और आसपास के ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।