अलवर

Alwar News: सूने मकान में चोरी की कोशिश, गेट फांदकर घुसे बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

अलवर के पुराना भूरा सिद्ध इलाके में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने चोरी की कोशिश की। मकान मालकिन दिल्ली गई हुई थीं। गनीमत रही कि पड़ोसियों की सतर्कता से बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
2 min read
Jul 28, 2026
alwar theft attempt
घर के अंदर दाखिल होते चोर

राजस्थान के अलवर शहर में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अरावली विहार थाना क्षेत्र के पुराना भूरा सिद्ध इलाके में चोरों ने एक सूने मकान में सेंधमारी करने की कोशिश की। मकान मालकिन मंजू शर्मा अपने बेटे से मिलने दिल्ली गई हुई थीं, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश घर में घुस गए। हालांकि, पड़ोसियों की मुस्तैदी और सजगता के चलते एक बड़ी चोरी की वारदात होने से बच गई।

पड़ोसियों ने सुनी आवाज

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता मंजू शर्मा ने बताया कि उनका बेटा दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-8 में एक निजी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। वह 22 जुलाई को अपने बेटे के पास दिल्ली गई हुई थीं और घर पर ताला लगा हुआ था। रात करीब पौने एक बजे बदमाशों ने बंद मकान को निशाना बनाया। लेकिन रात के अंधेरे में मकान के भीतर से आ रही अजीब और संदिग्ध आवाजों को सुनकर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी और पीड़िता के स्थानीय रिश्तेदारों को भी सूचित किया।

CCTV भी उखाड़ कर ले गए

सूचना मिलते ही जब परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो घर के मुख्य दरवाजों के ताले टूटे और क्षतिग्रस्त हालत में मिले। जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो पूरी वारदात की डरा देने वाली तस्वीर सामने आ गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि रात करीब 12:48 बजे दो नकाबपोश बदमाश मुख्य गेट के ऊपर से छलांग लगाकर बड़ी आसानी से घर के परिसर में दाखिल होते हैं। इसके बाद वे औजारों की मदद से दरवाजों के ताले तोड़ने की कोशिश करते हैं। शातिर बदमाश पहचान छुपाने की नीयत से घर में लगा एक सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए।


मामले की जांच जारी

सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों का सुराग लगा लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Updated on:
28 Jul 2026 03:06 pm
Published on:
28 Jul 2026 03:06 pm