
-सुशील कुमार
Alwar Zila Pramukh Anita Meena: अलवर: राजस्थान में भाजपा की सरकार और अलवर जिला परिषद में कांग्रेस का राज…सियासत का यह दिलचस्प संयोग 21 साल में तीसरी बार देखने को मिला है। वर्ष 2005, 2015 और अब 2026 में प्रदेश की सत्ता भाजपा के पास रही, लेकिन तीनों ही बार पार्टी अलवर में अपना जिला प्रमुख बनाने में नाकाम रही। कांग्रेस ने हर बार जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर भाजपा को सियासी मात दी।
वर्ष 2005 में राजस्थान में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में भाजपा की सरकार थी। इसके बावजूद अलवर जिला परिषद में कांग्रेस ने बाजी मार ली। वर्तमान में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली उस समय जिला प्रमुख चुने गए थे।
वर्ष 2015 में भी प्रदेश में वसुंधरा राजे की सरकार थी। उस समय जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस से 10 सीटें अधिक जीती थीं। भाजपा मजबूत स्थिति में थी, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में क्रॉस वोटिंग ने पूरा सियासी गणित बदल दिया। बहुमत के बावजूद भाजपा जिला प्रमुख नहीं बना सकी और कांग्रेस की रेखा यादव ने कुर्सी हासिल कर ली।
वर्ष 2026 में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार है। अलवर में जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत लगाई, लेकिन नतीजा फिर पहले जैसा ही रहा। कांग्रेस की अनीता मीणा ने 23 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर इतिहास दोहरा दिया।
जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी मुकाबले के दौरान दोनों दलों के नेताओं के बीच सौहार्द भी देखने को मिला। सबसे पहले भाजपा के जिला परिषद सदस्य बस से मतदान करने पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के सदस्य पहुंचे। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी वहां पहुंचे।
सुरक्षा घेरे के पास खड़े भाजपा प्रत्याशी संतोष के पति बन्नाराम ने दोनों नेताओं को देखकर उनके पैर छुए। इसके बाद तीनों के बीच राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई। इसी दौरान जूली ने मजाकिया अंदाज में बन्नाराम से पूछा, 'जिला प्रमुख के चुनाव में कोई गेम तो नहीं किया आपने?' वहीं, जितेंद्र सिंह असम में भाजपा की बाड़ाबंदी को यहीं से ट्रेस करवाने का जिक्र करते नजर आए।
टीकाराम जूली, रेखा यादव और अब अनीता मीणा की जीत ने एक बार फिर दिखाया कि प्रदेश में सत्तारूढ़ दल के पक्ष में स्थानीय निकायों के सियासी समीकरण हों, यह जरूरी नहीं है। अलवर में भाजपा की सरकार रहते हुए तीसरी बार कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की है।