दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल एक और युवक ने दम तोड़ दिया। अब तक इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
लक्ष्मणगढ़। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पिछले शुक्रवार हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक और युवक ने शुक्रवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मृतकों की संख्या अब बढ़कर तीन हो गई है।
जानकारी के अनुसार 7 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे चैनल नंबर 122/01 पर खोहरा और पिनान रेस्ट एरिया के बीच तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में कार सवार कप्तान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को पहले पिनान सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर के सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। वहां से दो घायलों को जयपुर एसएमएस अस्पताल भेजा गया।
यह वीडियो भी देखें
शुक्रवार को राजगढ़ के बारलाबास निवासी डैनी जागा पुत्र पप्पूराम जागा ने दम तोड़ दिया। इससे पहले रविवार को धर्मेन्द्र जागा पुत्र पप्पूराम जागा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब तक इस हादसे में तीन लोगों की जान जा चुकी है। डैनी जागा विवाहित था और टैक्सी चलाता था। उसकी एक बेटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।