अलवर

राजस्थान में गो-तस्करों को बचाने आया था युवक, पत्थरबाजी में हुई दर्दनाक मौत, मौके से भागे साथी

Alwar Cow Smuggling News: खैरथल-तिजारा जिले के चोपानकी थाना क्षेत्र में गो-तस्करों और गो-रक्षकों के बीच हुए पथराव में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से पांच गो-वंश बरामद कर वाहन जब्त किए हैं, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

less than 1 minute read
Mar 02, 2026
Khairthal Tijara Stone Pelting Case, Chopanki Police Station Clash, Alwar Cow Smuggling News, Bhiwadi Breaking News, Rajasthan Cow Smuggler Incident, Gau Rakshak Clash Rajasthan, Alwar Stone Pelting Death, Bhiwadi Police Investigation, Rajasthan Law and Order Update, Haryana Youth Death Case
फाइल फोटो- पत्रिका

अलवर। राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के चोपानकी थाना क्षेत्र में गो-तस्करों और गो-रक्षकों के बीच हुए पथराव में एक युवक की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार मृत युवक गो-तस्करों का सहयोगी था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक भी भिवाड़ी पहुंचे और उन्होंने मामले की जानकारी ली।

बताया गया कि गौवंश से भरी गाड़ी लेकर गो-तस्कर हरियाणा की ओर जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर गो-रक्षक उनका पीछा करने लगे। पीछा किए जाने पर गो-तस्करों ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद कला गांव में दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस दौरान एक गो-तस्कर का सहयोगी घायल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

भिवाड़ी के पुलिस उपाधीक्षक कैलाश चौधरी ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि कला गांव में गो-वंश से भरी एक गाड़ी रोकी गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पिकअप सहित दो वाहन खड़े मिले। पिकअप और कैंपर में कुछ लोग मौजूद थे, जो गो-तस्करों के समर्थन में आए थे। मौके पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच पथराव हो चुका था और गो-तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पांच गो-वंश बरामद

पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से एक वाहन से पांच गो-वंश बरामद किए गए। जिस पिकअप में मृतक युवक सवार था, उसमें भारी मात्रा में पत्थर भरे हुए थे। पुलिस ने वाहन सहित पत्थर जब्त कर लिए हैं। पत्थरबाजी के दौरान हरियाणा के पल्ला (उटावड़) गांव निवासी अमीर (28) गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक युवक गोतस्करों के समर्थन में आया था।

Updated on:
02 Mar 2026 09:37 pm
Published on:
02 Mar 2026 09:36 pm