अलवर

Alwar: लोकप्रिय शिक्षक के तबादले पर ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, चार घंटे प्रदर्शन

हरसौली स्थित झाड़का गांव में सोमवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक तेजवीर सिंह के स्थानांतरण के विरोध में ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।
2 min read
Jul 27, 2026
harsoli teacher transfer protest
शिक्षक के तबादले पर धरना-प्रदर्शन (फोटो - पत्रिका)

हरसौली कस्बे के पास झाड़का गांव में सोमवार सुबह 7:30 बजे से ही तनाव का माहौल देखने को मिला। गांव के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक तेजवीर सिंह का स्थानांतरण किशनगढ़ बास ब्लॉक के मजोठगी स्कूल में किए जाने से ग्रामीण बेहद आक्रोशित हो गए। गुस्से में आए ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और बाहर धरने पर बैठ गए। सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक चले इस प्रदर्शन में तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और स्कूल स्टाफ मौके पर डटे रहे।

300 फीसदी बढ़ा दिया था स्कूल का नामांकन

ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक तेजवीर सिंह ने अपने प्रयासों से इस स्कूल की तकदीर बदल दी थी। एक समय ऐसा था जब बच्चों की संख्या कम होने के कारण यह स्कूल बंद होने की कगार पर पहुंच गया था। लेकिन तेजवीर सिंह ने भामाशाहों और ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल का कायाकल्प कर दिया। उनके प्रभावी प्रबंधन और प्रयासों के चलते ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय के नामांकन में करीब 300 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा भामाशाहों के सहयोग से स्कूल में बच्चों के लिए कई नि:शुल्क सेवाएं शुरू कराई गईं और नए कमरों का निर्माण कार्य भी चल रहा है।

प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद खुला ताला

चार घंटे तक चले इस हंगामे और स्कूल बंदी की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला हरकत में आया। जिला शिक्षा अधिकारी रमेश मेघ, कोटकासिम सीबीओ ओमप्रकाश वर्मा, हरसौली तहसीलदार राजेश कुमार शर्मा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से लंबी वार्ता की और स्थिति को शांत कराया।

अधिकारी ने दिया दोबारा लगाने का आश्वासन

जिला शिक्षा अधिकारी रमेश मेघ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी भावनाओं और बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अध्यापक तेजवीर सिंह को फिलहाल मंगलवार से शिक्षण व्यवस्था के तहत पुनः झाड़का विद्यालय में ही तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर उनके स्थायी पदस्थापन को रद्द करने का प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजा जाएगा। अधिकारी के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने ताला खोला और धरना खत्म किया। धरना स्थल पर ग्राम पंचायत प्रशासक शीशराम चौधरी, किसान महापंचायत के तहसील अध्यक्ष शेर सिंह चौधरी, सूबेदार दयाराम कटारिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Updated on:
27 Jul 2026 03:53 pm
Published on:
27 Jul 2026 03:53 pm