अलवर

अलवर: मंदिर जा रहे RAS अफसर की हादसे में मौत, फरवरी में होनी थी शादी; 17 दिन पहले बहन बनी सरपंच

खैरथल-तिजारा में मंदिर जा रहे लेबर इंस्पेक्टर योगेश लवानिया (28) की पिकअप के नीचे दबने से मौत हो गई। फरवरी 2027 में उनकी शादी होनी थी। 17 दिन पहले ही बहन सरपंच बनी थी।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:24 PM IST
labour inspector yogesh lawania
Labour Inspector Yogesh Lawania (Photo Social Media)

खैरथल-तिजारा: घर में शादी की तैयारियों को लेकर खुशियों का माहौल था। फरवरी में बेटे की शादी होनी थी। करीब दो महीने पहले ही उसकी सगाई हुई थी। परिवार नई जिंदगी की शुरुआत का इंतजार कर रहा था, लेकिन सोमवार शाम एक सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया। मंदिर जाने के लिए घर से निकले 28 साल के लेबर इंस्पेक्टर योगेश कुमार लवानिया की पिकअप के नीचे दबने से मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।

बता दें कि हादसा 23 नवंबर की शाम गोठड़ा गांव के पास धौला कुआं स्टैंड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, योगेश स्कूटी से गांव के मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान उनके आगे चल रही एक पिकअप और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। अचानक हुए हादसे से बचने के लिए योगेश ने स्कूटी संभालने की कोशिश की, लेकिन पिकअप उनके ऊपर पलट गई। वह उसके नीचे दब गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह योगेश को पिकअप के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें पहले किशनगढ़बास के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से अलवर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

फरवरी में होनी थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां

योगेश कुमार लवानिया ककराली गांव के रहने वाले थे। वह आरएएस (अलाइड) 2021 बैच के अधिकारी थे और अलवर में श्रम विभाग में लेबर इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। नौकरी के बावजूद उनका परिवार के साथ गांव में ही रहना था। वह रोजाना शाम को गांव के मंदिर जाते थे। सोमवार को भी वह इसी दिनचर्या के तहत मंदिर के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौट सके।

परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बड़ा सदमा है, क्योंकि योगेश की शादी 12 फरवरी 2027 को तय थी। करीब दो महीने पहले राजगढ़ में उनकी सगाई हुई थी। घर में शादी की खरीदारी और तैयारियों को लेकर उत्साह था। जिस घर में कुछ महीनों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां अब मातम पसरा है।

17 दिन पहले ही बहन बनी थी सरपंच

योगेश के परिवार में हाल ही में एक और खुशी आई थी। 5 नवंबर को हुए पंचायत चुनाव में उनकी बहन ने तिजारा पंचायत समिति की ढाकी ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव जीता था। उन्होंने 761 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। बहन की इस जीत से परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन महज 17 दिन बाद ही परिवार को यह दुखद खबर सुननी पड़ी।

पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे योगेश

योगेश के पिता कालूराम लवानिया सेकंड ग्रेड शिक्षक हैं और पास के गांव माछरोली में कार्यरत हैं। पांच भाई-बहनों में तीन बहनें और दो भाई हैं। योगेश का परिवार में तीसरा स्थान था, लेकिन दोनों भाइयों में वह सबसे बड़े थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:24 PM IST
Published on: