
सकट। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के दौसा आगार ने शुक्रवार से दौसा से बीधोता तथा बीधोता से जयपुर के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी है। बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और मार्ग में विभिन्न स्थानों पर बस चालक व परिचालक का स्वागत किया गया।
दौसा से सुबह रोडवेज बस रवाना होकर सिकंदरा, बांदीकुई, बसवा, राजपुर बड़ा, सकट, नारायणपुर, नाथलवाड़ा होते हुए बीधोता पहुंची। बीधोता गांव में सरपंच कमलेश कुमार मीणा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल जैन, हरिओम लाटा, मलखान मीणा, शैलेन्द्र खटाणा एवं प्रेम सिंह राजपूत ने बस को हरी झंडी दिखाकर जयपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर बस चालक गोपाल सिंह राजावत एवं परिचालक रूपंति मीणा का स्वागत किया गया।
सरपंच कमलेश कुमार मीणा आदि ने बताया कि यह बस सेवा प्रतिदिन बीधोता से नाथलवाड़ा, नारायणपुर, सकट, राजपुर बड़ा, बसवा, बांदीकुई, सिकंदरा, दौसा होते हुए जयपुर तक संचालित होगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए बसवा, बांदीकुई, सिकंदरा, दौसा, बस्सी और जयपुर जाने के लिए कोई नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं थी, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी।
रोडवेज बस सेवा शुरू होने से अब ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी।बस के नाथलवाड़ा और नारायणपुर पहुंचने पर सरपंच मुकेश मंडावरी ने स्वागत किया।
सकट में सरपंच प्रतिनिधि फूलचंद सैनी तथा राजपुर बड़ा में सरपंच प्रतिनिधि रामोतार शर्मा ने बस चालक और परिचालक का स्वागत किया। इस मौके पर राजेश मीणा, डिंपल प्रजापत, रामकिशोर, राजेंद्र मीणा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।