अलवर

Weather Update: राजस्थान में मौसम ने अचानक मारी पलटी, 16 जिलों में आंधी-बारिश का डबल अलर्ट

Weather Update: राजस्थान के कुछ जिलों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। बानसूर में तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग ने भरतपुर, धौलपुर, बहरोड़ समेत प्रदेश के 16 जिलों में आंधी- बारिश का अलर्ट जारी किया है।
2 min read
May 12, 2026
Rain Alert
Rain Alert (photo-patrika)

अलवर। राजस्थान के कई जिलों में एक बार फिर मौसम ने पलटी मार दी है। मंगलवार को अचानक मौसम में हुए बदलाव ने कई कुछ जगहों पर भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में आए तेज तूफान से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं कई स्थानों पर पेड़ गिरने और टीनशेड उड़ने की घटनाएं भी सामने आईं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बानसूर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर अचानक मौसम खराब हो गया। तेज धूलभरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। बिजली निगम के सहायक अभियंता अजीत यादव ने बताया कि रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 35 से 40 बिजली के पोल गिर गए, जबकि 18 से 20 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगह बिजली की लाइनें टूटने से सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं।

तेज आंधी में गिरा पेड़ (फोटो-पत्रिका)

ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश

रामनगर क्षेत्र में एक घर के बाहर पेड़ गिरने से शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया। कई गांवों में तेज हवा के कारण टीनशेड उड़ गए और पेड़ धराशायी हो गए। हरसौरा क्षेत्र में करीब दस मिनट तक ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। इसके अलावा बानसूर कस्बे और आसपास के गांवों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

तेजी गर्मी के बीच राहत की बूंदें

उधर, बहरोड़ क्षेत्र में दिनभर भीषण गर्मी का असर बना रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के मुकाबले दो डिग्री अधिक रहा। दोपहर तक तेज धूप और लू के चलते लोग परेशान रहे, लेकिन शाम करीब चार बजे बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया।

आंधी में गिरा विद्युत ट्रांसफॉर्मर (फोटो-पत्रिका)

16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी तीन घंटों के लिए भरतपुर और धौलपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, अजमेर, नागौर, टोंक, करौली और सवाई माधोपुर सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने लोगों को मेघगर्जन के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव और ऊष्णरात्रि का असर जारी रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में आंधी और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।