अंबिकापुर

Ambikapur News: एनएच पर गड्ढे में फंसी भाजपा संगठन महामंत्री की कार, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को लगाई फटकार, कहा- यहां कभी आते हैं या नहीं…

BJP General Secretary car stuck in NH: जशपुर जिले से सूरजपुर व कोरिया जाने के दौरान सीतापुर में एनएच पर फंस गई थी कार, 2 घंटे तक फंसे रहे भाजपा संगठन महामंत्री, बुलाना पड़ा मैकेनिक, सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री, पर्यटन मंत्री तथा एनएच के अधिकारियों को फोन पर लगाई फटकार
3 min read
NH Road Repairing in Ambikapur
Ambikapur News, भाजपा संगठन महामंत्री की फटकार के बाद एनएच की मरम्मत शुरु (Photo- Patrika)

अंबिकापुर. भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय (BJP General Secretary Pawan Sai) की कार 19 अगस्त को सीतापुर स्थित एनएच पर गड्ढों में फंस गई। वाहन को निकालने के लिए मैकेनिक को बुलाना पड़ा। 2 घंटे की मशक्कत के बाद कार को किसी तरह निकाला गया। जब वे अंबिकापुर पहुंचे तो रेस्ट हाउस से सरगुजा के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, पर्यटन मंत्री, भाजपा नेताओं के साथ-साथ एनएच के अधिकारियों को फोन पर जमकर फटकार लगाई। यहां तक कि उन्होंने प्रभारी मंत्री को कहा कि कभी क्षेत्र का भ्रमण भी कर लिया करें। संगठन महामंत्री की फटकार के बाद एनएच के अधिकारियों, मंत्रियों व भाजपा नेताओं की नींद खुली। फिर गुरुवार को एनएच पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू करा दिया गया।

बारिश के सीजन में सरगुजा जिले में सडक़ों (Surguja Road Condition) की स्थिति काफी खराब है। इस पर सफर करना काफी कठिन है। शहर के खरसिया चौक से दरिमा चौक व सीतापुर क्षेत्र स्थित एनएच-43 पर अनगिनत गड्ढे बन चुके हैं। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से चलना मुश्किल हो चुका है। वाहन फंस रहे हैं, पलट भी रहे हैं और लोग गिरकर घायल भी हो रहे हैं।

एनएच के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को लोगों की समस्या से कोई लेना देना नहीं है। इसी बीच भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सूरजपुर व कोरिया जिले में आयोजित संगठन की बैठक में शामिल होने बुधवार को जशपुर से अंबिकापुर आ रहे थे। शाम को उनकी इन्नोवा कार सीतापुर स्थित एनएच-43 पर बने गड्ढों (Car stuck in Pothole) में जा फंसी।

गड्ढों में फंसे वाहन को निकालने के लिए मैकेनिक को बुलाना पड़ा। मैकेनिक अन्य लोगों की मदद से करीब 2 घंटे के मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला। इस दौरान भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री को सीतापुर रेस्ट हाउस में रुकना पड़ा। जर्जर नेशनल हाइवे में वाहन फंसने से विलंब हुआ तथा परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं सीतापुर से निकलने के बाद उन्हें दरिमा रोड व शहर के भारत माता चौक के पास भी जर्जर सडक़ का सामना करना पड़ा। वे रात करीब 9.30 बजे अंबिकापुर सर्किट हाउस पहुंचे।

‘नेता ठेकेदार हैं तो श्रमदान क्यों नहीं करते’

ंअंबिकापुर सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्होंने सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को फोन लगाया और उन्हें जर्जर सडक़ को लेकर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने यहां तक कहा दिया कि कभी क्षेत्र के भ्रमण पर आते हैं या नहीं। इसके अलावा उन्होंने एनएच के अधिकारियों को भी जमकर फटकार लगाई।

इसके बाद सुबह पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया व अन्य नेता उनसे मिलने पहुंचे। पवन साय ने उन्हें भी जर्जर सडक़ को लेकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि सब नेता ठेकेदार हैं तो श्रमदान क्यों नहीं करते।

Pawan Sai Reprimand Minister: फटकार के बाद मरम्मत शुरु

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की फटकार के बाद गुरुवार से सडक़ की मरम्मत का कार्य शुरु करा दिया गया है। गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व जर्जर सडक़ का वीडियो बनाकर एक व्यक्ति ने सांसद चिंतामणि महाराज को भेजा था। सांसद के निर्देश पर कलेक्टर (Surguja Collector) ने एनएच के अधिकारियों के साथ भारत माता चौक स्थित जर्जर सडक़ का निरीक्षण किया था। लेकिन सुधार कार्य प्रारंभ नहीं किया गया था।

Ambikapur News, एनएच पर बने गड्ढों की हो रही मरम्मत (Photo- Patrika)

ये सडक़ हैं जर्जर

शहर के भारत माता चौक से दरिमा तक एनएच की सडक़ काफी जर्जर (Ambikapur Shabby road) है। इसके अलावा शहर के लिए एमजी रोड व बनारस मार्ग की भी स्थिति काफी खराब है। बारिश के कारण सडक़ पर गड्ढे बन गए हैं। इसके अलावा सीतापुर में भी सडक़ काफी जर्जर है। लोग आए दिन जर्जर सडक़ पर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।

Updated on:
20 Aug 2026 08:08 pm
Published on:
20 Aug 2026 08:08 pm