
अंबिकापुर. शहर के सतीपारा स्थित किराए के मकान में रह रही 22 वर्षीय एक युवती की 5 सितंबर को फांसी पर लटकती लाश मिली थी। उसने आत्महत्या (Ambikapur commits suicide) कर ली थी। मामले की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने युवती के प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि युवक की शादी किसी और से होने वाली थी, इसे लेकर युवती परेशान थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। जांच में पुलिस को यह बात भी पता चली कि युवक उसके साथ मारपीट करता था तथा प्रताडि़त करता रहता था। इसी से तंग आकर युवती ने ऐसा कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी निवासी नैना तिर्की पिता प्रमोद तिर्की उम्र 22 वर्ष अंबिकापुर के सतीपारा में किराए के मकान में रहकर कपड़ा दुकान में काम करती थी। युवती का प्रेम संबंध शहर के ही गोधनपुर निवासी अंबिकेश उर्फ गोलू गुप्ता से था। लडक़े की शादी की बात किसी दूसरी लडक़ी से घरवाले कर रहे थे।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया कि गोलू गुप्ता युवती से मारपीट और उसे प्रताडि़त करता था। इस कारण युवती काफी परेशान रहती थी। घटना से 2 दिन पूर्व से ही युवती ने अपना मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया था।
युवती के परिचित अशोक सिंह ने व्हाट्सएप कॉल कर जानकारी ली तो युवती ने परेशान रहने की बात कही थी। इसी बीच घटना दिवस 5 सितंबर की दोपहर युवती ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या (Commits suicide to hang) कर ली थी। मामले में कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त किया था। इसके अलावा पुलिस ने मृतका के परिजन का भी बयान दर्ज किया था। जांच में मृतका के प्रेमी अंबिकेश उर्फ गोलू गुप्ता द्वारा मारपीट और प्रताडि़त (Boyfriend tortured girlfriend) किए जाने की बात सामने आई। इसी वजह से तंग आकर युवती ने आत्महत्या की थी। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा १०८ के तहत कार्रवाई की है।