पत्नी को साथ लेकर थाने पहुंचे पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस मामले की कर रही जांच
अंबिकापुर. शहर के बीच स्थित एक मोहल्ले में दो युवक अपने पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ किसी बात को लेकर गाली-गलौज व मारपीट कर रहे थे। यह देखकर महिला का पति जब वहां पहुंचा तो दोनों ने मिलकर उसकी भी पिटाई कर दी।
दोनों युवक जीजा-साला हैं। दोनों के चंगुल से छूटने के बाद पति-पत्नी कोतवाली पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है।
अंबिकापुर के संगम चौक निवासी धर्मेंद्र प्रसाद अपनी पत्नी व परिवार के साथ रहता है। सोमवार की शाम किसी बात को लेकर पड़ोस में ही रहने वाले विनय तिवारी व जितेन्द्र तिवारी का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विनय व जितेंद्र दोनों जीजा-साला हैं।
विवाद बढऩे पर दोनों धर्मेंद्र की पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद जब और बढ़ गया तो दोनों उसकी पिटाई करने लगे। हो-हल्ला सुनकर महिला का पति वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा तो जीजा-साला ने उसकी भी पिटाई शुरु कर दी।
किसी तरह से पति-पत्नी खुद को दोनों के चंगुल से छुड़ाने में कामयाब हुए। इसके बाद धर्मेंद्र अपनी पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचा और विनय थिा जितेंद्र के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 506, 323 व 34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।