
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्ष व ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज (Chhattisgarh Congress President) अंबिकापुर में थे। शहर के होटल मयूरा में उन्होंने प्रेस कांफे्रंस कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अभी तो हम फील्डिंग कर रहे हैं और भाजपा के विकेट गिरने लगे हैं। हमारी तो अभी बैटिंग भी शुरु नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी की जा रही है। 2028 के चुनाव में हम अपनी सरकार बनाएंगे।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए संभाग स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है। आने वाले समय में कार्यकर्ताओं को और सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव (Assembly election) में मजबूती से मैदान में उतरेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अभी फील्डिंग कर रही है, बैटिंग शुरू नहीं हुई है और भाजपा के विकेट अभी से गिरने लगे हैं।
कई जगहों पर उनके कार्यकर्ता इस्तीफा दे रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन (PM Birthday) पर आयोजित कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले महंगाई कम करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने और अन्य कई वादे किए गए थे। कांग्रेस का आरोप है कि इनमें से कई वादे अब भी पूरे नहीं हुए हैं।
बैज ने छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार देने के वादे का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कही गई थी, लेकिन कांग्रेस के अनुसार बड़ी संख्या में युवा अब भी रोजगार (Employment) की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, रसोइयों के वेतनमान और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने के वादे को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित अन्य उपस्थित थे।
झीरम घाटी मामले (Jhiram Valley attack) में एनआईए की विशेष अदालत द्वारा 10 दोषियों को मृत्युदंड दिए जाने के फैसले पर बैज ने कहा कि कांग्रेस अदालत के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन उनका सवाल जांच के दायरे को लेकर है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में छोटे स्तर पर शामिल नक्सलियों को सजा हुई, जबकि बड़े नक्सली कमांडरों और कथित षड्यंत्रकारियों की भूमिका की जांच को लेकर सवाल अब भी बने हुए हैं। इसी तरह की आपत्ति पर अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है।
बैज ने कहा कि इतनी बड़ी घटना को केवल छोटे कैडर के नक्सलियों द्वारा अंजाम देना संभव नहीं माना जा सकता। उन्होंने घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था और रोड ओपनिंग पार्टी की तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने कहा कि जब तक घटना के कथित बड़े षड्यंत्रकारियों की भूमिका स्पष्ट नहीं होती, तब तक पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी।