
अंबिकापुर। स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी अभियान के तहत रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के नेतृत्व में शहर के गोधनपुर मोहल्ला और अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर स्थित ग्राम मेन्ड्राकला में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से स्मार्ट मीटर (Smart meter) के विरोध में मांग-पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए और घरों में लगे स्मार्ट मीटर पर 'महतारी वंदन वसूली मीटर' का स्टीकर लगाया गया।
बता दें कि कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में 2 माह तक प्रदेशभर में आंदोलन चलाने की घोषणा की है। इसी क्रम में सरगुजा जिला कांग्रेस ने प्रभावित उपभोक्ताओं से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। मांग-पत्र के माध्यम से सरकार से स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने तथा बिजली बिल हाफ योजना (Half electricity bill scheme) को फिर से लागू करने की मांग की जा रही है।
जनसंपर्क के दौरान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर एक हाथ से राशि दे रही है, जबकि स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई बिजली दरों के जरिए दूसरे हाथ से उससे कई गुना अधिक वसूली कर रही है।
आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने दावा किया कि अभियान के दौरान लोगों का उत्साहपूर्ण समर्थन इस मुद्दे पर जनता की नाराजगी को दर्शाता है। अभियान में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, अंबिकापुर ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष विनय शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमित सिन्हा, मिथुन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।
बिजली विभाग द्वारा प्रति यूनिट बिजली दल में बढ़ोतरी किए जाने के बाद से आम जनता परेशान है। इसका भार हर माल हर घर के लोगों पर पड़ रहा है। पूर्व कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना शुरु की थी, जिसे भाजपा सरकार (BJP Government) ने हटा दिया था। विरोध प्रदर्शन के बाद 100 यूनिट पर हाफ बिजली बिल में छूट देने की घोषणा राज्य शासन की ओर की गई थी। इसके बाद हालांकि कुछ राहत मिली, लेकिन आम जनमानस में इस बात का भ्रम फैल गया है कि स्मार्ट मीटर के कारण ज्यादा बिजली बिल आ रहा है।