
अंबिकापुर. 14 जून की रात पति को खोजने पत्नी निकली थी। दूसरे गांव में दोनों एक ही जगह पर मिले तो गांव के कुछ लोगों ने चोरी का आरोप लगाकर दोनों की जमकर पिटाई (Husband-wife beaten) कर दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला के पति की मौत हो गई। महिला को भी चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई है। घटना एमसीबी जिला के ग्राम कठौतिया की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मारपीट के दौरान महिला के नाक में पहने सोने का नथिया, नकद रकम और पायल गायब होने का आरोप परिजन लगा रहे हैं।
मृतक राजकुमार (Villager died) पिता सत्यनारायण मूलत: मध्य प्रदेश के सागर जिला अंतर्गत ग्राम पमखेड़ी का रहने वाला था, वह छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिला अंतर्गत ग्राम कठौतिया स्थित ससुराल आया था। उसकी पत्नी परमिला अपने मायके में डेढ़ माह पहले शुगर बीमारी से पीडि़त पिता को देखने के लिए आई थी।
14 जून की रात को करीब 1 बजे उसका पति शराब पीने के बाद सागर वापस चलने के लिए कहा, जिस पर वह बोली कि पिता बीमार हैं, उनको छोडक़र अभी नहीं जाऊंगी। इसी बात को लेकर उसका पति से झगड़ा, विवाद हुआ। इसके बाद पति ने कहा कि वह वापस जा रहा है। फिर वह ससुराल से निकल गया।
कुछ देर बाद परमिला अपने पति को खोजने निकली। देर रात करीब 3 बजे ग्राम बिछली तक पहुंच गई, यहां उसका पति रोड के किनारे मिला। इसी दौरान ग्राम बिछली निवासी गजरूप सिंह पिता हरिलाल गोंड़ सहित अन्य लोग वहां पहुंच गए और कहने लगे कि तुम लोग चोरी करने इस गांव में आए हो।
इसके बाद महिला और उसके पति से गाली-गलौज करते हुये जान से मारने की धमकी देकर हाथ, मुक्का और डंडे से मारपीट करने लगे, जिसमें उसके पति को गंभीर चोट (Husband died during treatment) आई थी, वहीं महिला को चेहरे, पीठ, कुल्हे में चोट आई थीं।
चंगुल से निकलकर महिला जैसे-तैसे मायके पहुंची और अपनी मां सहित अन्य को घटना के बारे में बताई। दोनों पति-पत्नी का प्राथमिक उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में कराने के बाद परिजन घटना की रिपोर्ट क्षेत्रीय थाने में दर्ज कराई थी। वहीं राजकुमार की स्थिति गंभीर देखते हुये मनेन्द्रगढ़ से चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, यहां उसकी मौत (Murder to brutally beaten) हो गई।