
अंबिकापुर। शहर के पटपरिया स्थित किराए के मकान में लंबे समय से महुआ शराब की फैक्टरी का संचालन किया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम (Excise flying squad team) ने दबिश देकर 70 लीटर शराब व 480 किलो महुआ लाहन जब्त किया है। बाउंड्रीवाल के अंदर 8 भट्ठियों में शराब तैयार की जा रही थी। आबकारी उडऩदस्ता टीम ने सभी भट्ठियों व महुआ लहान को नष्ट कर दिया। वहीं शराब की फैक्टरी चला रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शहर में अवैध शराब, नशीले इंजेक्शन, कफ सिरप के कारोबारियों के खिलाफ आबकारी व पुलिस विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उडऩदस्ता की टीम 13 अगस्त को गश्त पर निकली थी। टीम पटपरिया स्थित संकट मोचन मंदिर के पास पहुंची थी।
इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली की सामने वाले बाउंड्रीवाल में अर्जुन नामक व्यक्ति महुआ शराब की फैक्टरी चला रहा है। मुखबिर की सूचना पर टीम ने छापामार (Raid in Liquor Factory) कार्रवाई की। टीम ने देखा कि एक कमरे में 8 चढ़ी भट्ठियों में शराब निर्माण का कार्य चल रहा था, जबकि दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक के डिब्बों में महुआ लाहन भरकर रखा गया था।
जांच करने पर भट्ठियों से 70 लीटर महुआ शराब जब्त की गई तथा 24 प्लास्टिक के डिब्बों में 480 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने शराब व लाहन जब्त कर आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1)(क)(च), 34(2) 59(क) के तहत कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
टीम ने महुआ शराब की फैक्टरी को जहां ध्वस्त कर दिया, वहीं मौके से शराब (Mahua liquor) बनाने में उपयोग आने वाले उपकरण व बर्तन भी जब्त किए गए हैं। आरोपी लंबे समय से शराब की फैक्टरी चला रहा था। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक टीआर केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, रोहित सोनी एवं आबकारी स्टाफ नीरज चौहान शामिल रहे।