अंबिकापुर

Minister Statement Video: मंत्री राजेश अग्रवाल बोले- मुस्लिम समाज के लोग गरबा में न जाएं, …तो पहचान कर कराएं एफआईआर

Minister Rajesh Agrawal: छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मीडिया को किया संबोधित, पीएम मोदी के 25 वर्ष के सफलतापूर्वक कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया बयान
2 min read
Chhattisgarh Minister Rajesh Agrawal
Minister Statement, मंत्री राजेश अग्रवाल (Photo- Patrika)

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल (Chhattisgarh Minister Rajesh Agrawal) ने गरबा-डांडिया कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लोगों के प्रवेश को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ युवक वहां बदमाशी करने जाते हैं। यदि कोई भी जो मूर्ति की पूजा नहीं करते हैं और हमारे धर्म को नहीं मानते हैं, उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए। कुछ लोग नाम बदलकर भी कार्यक्रम में पहुंचते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर करने के साथ ही कठोर कार्रवाई भी करनी चाहिए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने ये बातें पीएम मोदी के 25 वर्ष के सफलतापूर्वक कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज (Waqf Board President) ने बयान दिया है कि गरबा में मूर्ति पूजा होती है, मां दुर्गा की आराधना का पर्व है। चूंकि मुस्लिम समाज के लोग मूर्ति पूजा नहीं करते हैं तो उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए। यदि किसी को शौक है तो वे अपनी मां-बहन समेत परिवार के साथ जाएं।

उन्होंने कहा कि मेरा भी यही कहना है कि जब मुस्लिम समुदाय के लोग पूजा में हिस्सा नहीं लेते हैं तो उन्हें वहां से दूरी बनानी चाहिए। कुछ लोग नाम बदलकर भी जाते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नांकित कर उनके ऊपर एफआईआर भी होनी चाहिए।

हालांकि हर समाज में 4-5 लोग ही गड़बड़ी करते हैं और पूरा समुदाय बदनाम हो जाता है। गरबा को लेकर हमेशा से शिकायत रहती है कि मुस्लिम समाज के युवक वहां बदमाशी करने आते हैं, इससे पूरा मुस्लिम समुदाय (Muslim Society) बदनाम होता है।

Minister Statement: आपसी वैमनस्यता न फैलाएं

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मेरा यह कहना है कि आपस में वैमन्स्यता न फैले, इसलिए आग्रह कर रहा हूं कि जो मां की आराधना नहीं करता है, हमारे धर्म को नहीं मानता है, उसे गरबा में नहीं जाना चाहिए। यदि कोई बदमाशी करते पाया गया तो उसे पहचान कर एफआईआर समेत कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

मंत्री के इस बयान के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गरम है। मुस्लिम समाज के लोगों को गरबा में नहीं जाने को लेकर हिंदू संगठनों के लोग इसे जायज ठहरा रहे हैं। बता दें कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का गरबा में मुस्लिम समाज के लोगों के जाने को लेकर बयान आया था।

Updated on:
07 Oct 2026 02:24 pm
Published on:
07 Oct 2026 02:24 pm