
अंबिकापुर। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर ने एमए इतिहास प्रथम सेमेस्टर के छात्र ज्ञान तिवारी का प्रवेश निरस्त कर दिया है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार छात्र का नाम महाविद्यालय की एक छात्रा की आत्महत्या (College girl suicide case) के मामले में दर्ज एफआईआर में शामिल है। इस मामले में जारी कारण बताओ नोटिस का निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर कॉलेज की अनुशासन समिति एवं एंटी रैगिंग समिति के निर्णय के आधार पर कार्रवाई की गई है। बता दें कि एनएसयूआई के छात्र नेता की प्रताडऩा से तंग आकर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी उसे संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में एनएसयूआई के उपाध्यक्ष पद से निलंबित कर दिया है।
छात्र नेता ज्ञान तिवारी (NSUI leader Gyan Tiwari) का एडमिशन निरस्त करने के संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने 16 सितंबर को जारी आदेश में बताया कि छात्र को 11 सितंबर को आठ बिंदुओं से संबंधित कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। निर्धारित समय सीमा में छात्र ने अपना जवाब प्रस्तुत नहीं किया।
वहीं कॉलेज में अध्ययनरत बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अंतरा साह द्वारा 12 सितंबर को की गई आत्महत्या के प्रकरण में दर्ज एफआईआर में ज्ञान तिवारी का नाम शामिल है। इस आधार पर यह कार्रवाई की गई। छात्र नेता का नाम छात्रा की आत्महत्या मामले में आने और कॉलेज से एडमिशन कैंसिल होने को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
बता दें कि 12 सितंबर को छात्रा अंतरा साह ने अपने जीजा-दीदी के घर गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटपरिया में आत्महत्या कर ली थी। इसमें ज्ञान तिवारी पर यह आरोप लगा था कि उसने छात्रा के प्राइवेट चैट व वीडियो (Privat chat and video) रखे थे, जिसे उसके जीजा को दिखाने की बात कहकर प्रताडि़त करता था।
परिजनों की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में आरोपी ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है। ज्ञान तिवारी एनएसयूआई नेता है। कांग्रेस ने भी आरोपी ज्ञान तिवारी के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए कांग्रेस की सदस्यता रद्द कर दी है।