
अंबिकापुर. शहर के भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सडक़ की जर्जर स्थिति और जलभराव की समस्या का वीडियो शहरवासियों ने सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज (Surguja MP Chintamani Maharaj) को भेजा। सांसद वर्तमान में संसद सत्र की वजह से दिल्ली में हैं। वीडियो मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा कलेक्टर और एनएच के अधिकारियों को वीडियो भेजा और कहा कि वे तत्काल सडक़ का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरु करें। सांसद की ओर से भेजे गए वीडियो पर तत्काल एक्शन लेते हुए कलेक्टर (Surguja Collector Ajeet Vasant) बुधवार को भारतमाता चौक पहुंचकर एनएच पर जलभराव का जायजा लिया। उन्होंने एनएच के अधिकारियों को सडक़ का मरम्मत कार्य तत्काल शुरु कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
सांसद चिंतामणि महाराज ने सडक़ की जर्जर स्थिति और जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा है कि अम्बिकापुर के आमजन द्वारा भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सडक़ की जर्जर स्थिति का वीडियो भेजकर समस्या से अवगत कराया गया। वर्तमान में संसद सत्र की वजह से दिल्ली में हंू और क्षेत्र में उपस्थित नहीं हूं।
वीडियो प्राप्त होते ही तत्काल संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर एवं एनएच के संबंधित अधिकारियों को वीडियो भेजकर सडक़ की स्थिति का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत करने कहा। जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
कलेक्टर (Surguja Collector) ने अंबिकापुर एसडीएम को शासकीय भूमि का सर्वे कर जल निकासी की व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संसाधन विभाग की नहर और आसपास के क्षेत्रों में किए गए अतिक्रमण का निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा। बता दें कि लुचकी घाट से भारत माता चौक, रेलवे स्टेशन और सीतापुर के शहरी क्षेत्र को शामिल करते हुए नवीन सडक़ निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है।
इसकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निर्माण कार्य अंबिकापुर के ठेकेदार मेसर्स जवाहरलाल गुप्ता को मिला है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण शुरु कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) के कार्यपालन अभियंता आरडी ताम्रे ने बताया कि लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक तक तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। सडक़ निर्माण के साथ जल निकासी के लिए आवश्यक कार्य भी किए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या दूर हो सके। कलेक्टर ने जलभराव वाले क्षेत्रों का तकनीकी परीक्षण कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सडक़ और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप तथा गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कर प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम बनसिंह नेताम, एनएच एसडीओ निखिल लकड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।