
लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे क्रमांक-130 पर ग्राम जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के पास 5 अगस्त की देर रात तेज रफ्तार कार और यात्रियों से भरी बस में जबरदस्त भिड़ंत (Road accident) हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे लखनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने अन्य लोगों की मदद से घायलों को कार से निकालकर लखनपुर अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार सवार बिलासपुर स्थित रिश्तेदार के घर से अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
सरगुजा जिले के लुंड्रा निवासी महिला दिलीप कुमारी तिग्गा पति आसन तिग्गा 47 वर्ष समेत 7 लोग इन्नोवा कार क्रमांक सीजी 15 ईडी- 9050 में सवार होकर बिलासपुर से 5 अगस्त की रात घर लौट रहे थे। सभी रिश्तेदार के घर अंतिम संस्कार कार्यक्रम (Funetal program) में शामिल होने गए थे।
कार रात करीब 1 बजे बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के पास पहुंची ही थी कि अंबिकापुर की ओर से यात्रियों को लेकर जा रही पॉपुलर बस (Popular bus) क्रमांक सीजी 15 डीएम 0186 से आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
हादसे (Huge collision in Car and Bus) में कार के परखच्चे जहां उड़ गए, वहीं उसमें सवार महिला दिलीप कुमारी तिग्गा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार 7 अन्य घायल हो गए। सभी घायल कार में ही फंसे थे और गंभीर चोट लगने से कराह रहे थे।
इसी दौरान रायपुर से आ रहे भाजपा लखनपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी घटनास्थल पर रुके। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस से लखनपुर अस्पताल पहुंचवाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल (Medical college hospital) के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने महिला के पुत्र सुशील तिग्गा की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 194 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।