
अंबिकापुर. Women police: शहर की सडक़ों पर अब पुलिस की महिला गश्त भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार भ्रमण करेगी। आईजी राम गोपाल गर्ग (Surguja IG) व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निदेश पर छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को सशक्त एवं सुरक्षित वातावरण का एहसास दिलाने के उद्देश्य से 12 सदस्यीय महिला गश्ती दल का गठन किया गया है। इसमें 1 उप निरीक्षक, 1 प्रधान आरक्षक, 10 महिला आरक्षक की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस लाइन अम्बिकापुर से शनिवार को महिला पुलिसकर्मियों की गश्ती दल को पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महिला जागरूकता एवं महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों की रोकथाम के लिए महिला पेट्रोलिंग टीम का गठन करना एवं महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु टीम को हर जरूरतमंद महिला तक सरगुजा पुलिस की सेवाएं प्रदान करने हेतु गश्ती दल को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक, यातायात उप पुलिस अधीक्षक कामता सिंह दीवान, यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको, महिला थाना प्रभारी दुर्गेश्वरी चौबे, कंट्रोल रूम प्रभारी अंजू चेलक, सहायक उप निरीक्षक शंकर कश्यप एवं पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे।
आधुनिक संसाधनों से रहेंगी लैस
महिला गश्ती दल आधुनिक संसाधनों से लैस होकर शहर के भीड़भाड़ वाली जगहों, स्कूल-कॉलेजों, चौपाटी सहित अन्य स्थानों पर लगातार भ्रमण कर आम नागरिकों को महिला सुरक्षा के बारे में जागरूक करेंगीं।
साथ ही किसी आपातकालीन स्थिति एवं किसी अन्य दूसरी घटना के रोकथाम में भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगीं। किसी भी अप्रिय स्थिति में महिला गश्ती दल को बॉडी कैमरा के माध्यम से उदंडता करने वालों की पहचान कर विधिवत कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है।
महिला गश्ती दल के साथ त्वरित कार्रवाई हेतु थाने की पेट्रोलिंग वाहन भी गश्ती दल के साथ रहेगी। आम नागरिक महिला गश्ती दल की आवश्यकता महसूस होने पर डायल 112 एवं अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से अपनी सूचना दर्ज करा सकते हैं।