
अंबिकापुर. सूरजुपर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी 26 वर्षीय एक युवक ने सोमवार की सुबह अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या (Suicide to cut by train) कर ली। वह घर से मरने की बात कहकर निकला था। ट्रेन के सामने कूदते देख परिजनों द्वारा उसे तत्काल घायलावस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दरअसल युवक एंड्रॉइड मोबाइल खरीदने के लिए मां से पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं होने की बात कहकर मां ने इनकार कर दिया था। इसके बाद वह नाराज हो गया और मां से कहा कि वह मर जाएगा। इसके तत्काल बाद ही उसने ये कदम उठा लिया।
सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महावीरपुर निवासी गोलू बरगाह पिता धन साय उम्र 26 वर्ष मजदूरी करता था। वह एंड्रॉइड मोबाइल खरीदना चाह रहा था। इसके लिए सोमवार की सुबह उसने मां से कहा कि वह किश्त पर मोबाइल लेना चाहता है। इसके लिए शुरु में उसे 3-4 हजार रुपए दुकानदार को देने पड़ेंगे। उसने मां से रुपयों की मांग की। मां ने कहा कि उसके पास रुपए नहीं है, वह कहां से देगी।
कई बार मांगने के बाद भी जब रुपए नहीं मिले तो वह गुस्सा हो गया। उसने मां से कहा कि मैं मर जाऊंगा। यह बात कहते हुए वह घर से निकल गया। घर से करीब 100 मीटर दूर से ही रेलवे ट्रैक गुजरा है। सुबह करीब 8 बजे दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन (Durg-Ambikapur Train) वहां से गुजर रही थी। इसी बीच उसने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की टक्कर से वह ट्रैक से कुछ दूर जा गिरा। उसे गंभीर चोटें आई थी।
युवक के परिजनों को जब यह बात पता चली कि वह ट्रेन के सामने कूद गया है तो वे भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक घायल हालत में तड़प रहा था। फिर आनन-फानन में उसे परिजन द्वारा अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत (Young man suicide) से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इधर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पीएम पश्चात शव परिजन को सौंप दिया। बता दें कि मामूली बातों पर इन दिनों किशोर से लेकर युवा तक आत्महत्या जैसा घातक कदम उठा ले रहे हैं। इसका दंश उम्रभर उनके परिवार को भुगतना पड़ता है।