
अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम खैरबार स्थित एक गैरेज में काम करने वाले युवक की उसके ही 2 साथियों ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर प्रहार कर हत्या (Young man murder) कर दी। तीसरे साथी ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस रविवार की दोपहर मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के अलावा 3 और साथी शनिवार की रात करमा खेलने गए थे। इस दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इसके बाद मृतक एक अन्य साथी के साथ मकान में लौट आया था। इसी बीच आकाश नाम के दोनों साथी कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंच गए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
कोरिया जिले के पटना निवासी विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा 27 वर्ष (Ambikapur Murder) अंबिकापुर के थाना चौक के पास मायापुर निवासी रमेश सोनी के साथ पिछले 1 वर्ष से गैरेज में काम करता था। कुछ दिन पूर्व निगम की टीम ने अतिक्रमण होने की वजह से गैरेज को हटा दिया था। इसके बाद रमेश सोनी ने ग्राम खैरबार में गैरेज खोल लिया था और वह वहीं काम कर रहा था।
काम करने के बाद गैरेज के बगल में ही कमरे में वह रहता था। शनिवार की रात करीब 9 बजे अपने घर आ गया। इस बीच विश्वजीत खैरबार निवासी आकाश उर्फ चिंटू, शनि और आकाश के साथ गांव में ही करमा खेलने गया था। यहां किसी बात को लेकर चारों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद विश्वजीत और शनि लौट गए। विश्वजीत अपने कमरे में था।
इसी बीच देर रात आकाश उर्फ चिंटू व आकाश कुल्हाड़ी लेकर विश्वजीत के कमरे में पहुंचे। यहां शनि भी मौजूद था। इसी बीच दोनों आकाश ने विश्वजीत की पिटाई शुरु कर दी और उन्होंने उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्रहार (Attack by axe) कर दिया।
गर्दन कट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। इसकी सूचना शनि ने रमेश को दी। रविवार की सुबह मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पीएम पश्चात परिजन को सौंप दिया।
मामले में पुलिस ने हत्या (Murder news) का अपराध दर्ज कर शनि के बयान के आधार पर आरोपी आकाश उर्फ चिंटू और आकाश को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले का खुलासा नहीं किया है कि किस वजह से उन्होंने हत्या की।