अमरीका

अमरीका में होली और दीपावली के बाद अब छठ पर्व की भी धूम, लोगों ने पूजा करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो किया शेयर

होली और दीपावली की तरह अमरीका में छठ पूजा भी धूमधाम से मनाया गया। भारतीय अमरीकियों ने वहां के नदी तटों पर पूजा की और सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। कोरोना महामारी की वजह से पिछले साल वहां छठ पर्व में कम लोग एकत्रित हुए थे, मगर इस बार अच्छी संख्या में लोग पूजा के लिए जुटे।  

2 min read
Nov 12, 2021

नई दिल्ली।

भारतीय अमरीकियों ने अमरीका में नदी तटों, तलाबों और अस्थायी जलाशयों पर एकत्रित होकर छठ पूजा की। पिछले साल कोरोना महामारी की वजह से छठ पूजा के लिए कम संख्या में लोग एकत्रित हुए थे, लेकिन इस साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यह त्योहार मनाया।

इस पर्व को मनाने के लिए कई लोगों ने कई मील का सफर भी तय किया। वाशिंगटन के वर्जीनिया उपनगर में 400 से अधिक भारतीय अमरीकी लोगों ने बुधवार शाम और बृहस्पतिवार सुबह पोटोमैक नदी के तट पर सूर्यास्त तथा सूर्योदय के समय सूर्य की पूजा की।

बता दें कि छठ का त्योहार मुख्य तौर पर भारत के बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश राज्यों में मनाया जाता है। इस दौरान लोग व्रत रखते हैं। नदी में स्नान करते हैं और सूर्य भगवान की पूजा करते हैं।

ग्रेटर वाशिंगटन क्षेत्र के भारतीय अमरीकी समुदाय के नेता कृपा सिंह ने कहा, हम उम्मीद कर रहे हैं कि अगले साल भी यह त्योहार हमेशा की तरह पूरे जोर-शोर से मनाया जाएगा और 800 के करीब लोग इसमें हिस्सा लेंगे। 'खरना' से सुबह के 'अर्घ्य' तक की पूरी पूजा को जूम और फेसबुक पर उन लोगों के लिए लाइव स्ट्रीम किया गया, जो वैश्विक महामारी के कारण यहां नहीं आ सके।

बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमरीका ने न्यू जर्सी के थॉम्पसन पार्क में लगातार पांचवी बार छठ पूजा समारोह का आयोजन किया। एरिजोना, अर्कांसस, पेनसिल्वेनिया, फ्लोरिडा, टेक्सास के अलावा, इस वर्ष कनेक्टिकट में भी इसे मनाया गया और बड़ी संख्या में भारतीय-अमरीकी वहां पहुंचे। अधिकांश समारोह स्थल पर समुदाय के सदस्यों ने खाना और प्रसाद भी स्वयं ही बनाया।

'बिहार फाउंडेशन' ने छठ मनाते कुछ लोगों की तस्वीरें साझा की और कहा, त्योहारों की तरह लोगों को कोई करीब नहीं ला सकता। अमरीका में भारतीय प्रवासी, मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से नाता रखने वाले लोगों ने उत्तरी कैरोलाइना में छठ घाट पर इस त्योहार को मनाया।

फाउंडेशन ने पूरे अमरीका और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में मनाए गए छठ समारोह की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। बिहार फाउंडेशन बिहार सरकार की एक पहल है, जिसकी शुरुआत राज्य और प्रवासियों के बीच सम्पर्क को कायम करने के लिए की गई है।

Published on:
12 Nov 2021 08:09 pm
Also Read
View All