निकी हेली ने चेतावनी दी है कि यदि सख्त कदम नहीं उठाए गए तो रूस न्यूयॉर्क पर या संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों के शहरों पर रासायनिक हमला कर सकता है।
संयुक्त राष्ट्र। अमरीका की राजदूत निकी हेली ने आगाह किया है कि रूस न्यूयार्क या संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों पर रासायनिक हमला कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र में बोलते हुए निकी हेली ने चेतावनी दी है कि यदि सख्त कदम नहीं उठाए गए तो रूस न्यूयॉर्क पर या संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों के शहरों पर रासायनिक हमला कर सकता है। हेली ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन पिछले सप्ताह रूस के पूर्व जासूस एवं उनकी बेटी पर हुए नर्व एजेंट हमले के बाद ब्रिटेन के साथ खड़ा है।
अमरीका ब्रिटेन से सहमत
आपको बता दें कि हेली ने कहा- 'अमेरिका, ब्रिटेन के उस आकलन से सहमत है कि पूर्व जासूस को जहर देने के पीछे रूस का हाथ है, इसलिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सख्त कदम उठाए जाने की जरुरत है'। हेली ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक के दौरान कहा कि अमेरिका को विश्वास है कि ब्रिटेन में दो लोगों पर सैन्य स्तर के नर्व एजेंट का इस्तेमाल कर हमले के पीछे रूस का हाथ है। यदि हमने इस समस्या के समाधान के लिए त्वरित कदम नहीं उठाया तो साल्सिबरी आखिरी स्थान नहीं होगा, जहां इस रासायनिक हथियार का इस्तेमाल हुआ है। वे न्यूयॉर्क पर या संयुक्त राष्ट्र के किसी भी सदस्य देश के शहरों पर इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।"
ब्रिटेन ने 23 रूसी राजनयिकों को निकाला
आपको बता दें कि रूस के पूर्व जासूस सर्गेइ स्क्रिप्ल और उनकी बेटी यूलिया पर ब्रिटेन के साल्सिबरी में नर्व एजेंट के जरिए जहर दिया गया था। हालांकि, रूस ने इन आरोपों को मनगढ़ंत कहानियां बताकर खारिज कर दिया है और इस हमले में अपनी भागीदारी से इनकार किया है। ब्रिटेन का विश्वास है कि इस हमले में रूस का हाथ है और इस पर प्रतिक्रियास्वरूप ब्रिटेन ने देश से 23 रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने का ऐलान कर दिया था।
रूस ने आरोपों का किया खंडन
आपको बता दें कि संयुक्त राष्ट्र में रूस के राजदूत वासिली नेबेनज्या ने आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि नर्व एजेंट हमले में रूस का हाथ होने के ब्रिटेन के आरोप पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। नेबेन्जया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में कहा, "रूस समझता है कि ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे के 13 मार्च को संयुक्त राष्ट्र महासचिव को लिखे पत्र में मॉस्को पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं।" उन्होंने मांग करते हुए कहा कि ब्रिटेन अपने आरोपों को सिद्ध करने के लिए पुख्ता सबूत पेश करे। इसके बिना हम इस पर यकीन नहीं कर सकते।
क्या है नर्व एजेंट
आपको बता दें कि नर्व एजेंट को संयुक्त राष्ट्र ने सामूहिक हत्या करने वाला एक रासायनिक हथियार बताया है। यह साफ और अंबर रंग का तैलीय तरल पदार्थ है। यह रंगहीन और गंधहीन होता है। यह त्वचा के अंदर जाकर तंत्रिकाओं के ज़रिए संदेश भेजे जाने को रोक देता है। त्वचा पर पड़ने वाली इसकी एक बूंद जान ले सकती है। इसकी एक छोटी खुराक से आंखों में तेज़ दर्द, धुंधला दिखना, सुस्ती और उल्टी की समस्या आ सकती है। इसे स्प्रे कर या भाप जैसा बनाकर फैलाया जा सकता है। इसे ख़ाने, पीने के पानी या कृषि उत्पादों में मिला कर उन्हें ज़हरीला बनाया जा सकता है। यह सांस, त्वचा के संपर्क में आकर और आंखों के ज़रिए शरीर में पहुंच सकता है।